World Cup से पहले England टीम के साथ बड़ी वारदात, लाखों का सामान चोरी, Texas के दो गिरफ्तार

 England World Cup
Instagram/@england

विश्व कप के लिए अमेरिका आई इंग्लैंड फुटबॉल टीम के सामान चोरी के मामले में टेक्सास के दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर चोरी की संपत्ति रखने का गंभीर आरोप है, जिसमें उन्हें सात साल तक की कैद हो सकती है, और पुलिस ने लगभग 18,000 डॉलर का सामान बरामद कर लिया है।

विश्व कप में भाग लेने आई इंग्लैंड की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के सामान की चोरी के मामले में शनिवार देर रात दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों पर चोरी का सामान अपने पास रखने का आरोप है। टीम जब फ्लोरिडा स्थित अपने प्रारंभिक अभ्यास शिविर से कैनसस सिटी स्थित विश्व कप बेस कैंप की ओर रवाना हो रही थी, तभी उसके कुछ उपकरण चोरी हो गए थे। मिसौरी के जैक्सन काउंटी अभियोजकों ने टेक्सास के सैन एंटोनियो निवासी मुस्तफा सालिक और इरफान कमाल पर चोरी की संपत्ति प्राप्त करने का एक-एक गंभीर आपराधिक (क्लास-डी फेलोनी) आरोप लगाया है।

इस अपराध में दोषी पाए जाने पर अधिकतम सात वर्ष के कारावास की सजा हो सकती है। अदालत ने दोनों आरोपियों के लिए 75,000 डॉलर की जमानत राशि निर्धारित की है। जैक्सन काउंटी की अभियोजक मेलेसा जॉनसन ने कहा, “विश्व कप में भाग लेने के लिए यहां आए अंतरराष्ट्रीय दलों सहित किसी भी आगंतुक को निशाना बनाने वाली आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोप शीघ्र दाखिल करने में पुलिस और कानूनी टीम की त्वरित कार्रवाई सराहनीय है।” चोरी हुए सामान का अनुमानित मूल्य लगभग 18,000 डॉलर बताया गया है।

हालांकि इंग्लैंड टीम की तैयारियों के लिए इनमें से कोई भी वस्तु अत्यावश्यक नहीं थी। समाचार एजेंसी एपी द्वारा प्राप्त विवरण के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से नौ जोड़ी फुटबॉल जूते (क्लीट्स), गोलकीपर दस्ताने, विश्व कप फुटबॉल, जर्सी और शॉर्ट्स के कई सेट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, राष्ट्रीय टीम की हस्ताक्षरित जर्सियां तथा 99.99 डॉलर मूल्य का नाइकी एयर जूतों का एक लेगो सेट बरामद किया गया।

कैनसस सिटी (मिसौरी) के मेयर क्विंटन लुकास ने कहा कि कई राज्यों तक फैली जांच को शीघ्रता से पूरा कर चोरी का सामान बरामद करना और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस तथा अभियोजन पक्ष की बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा, “शहर का सुरक्षा तंत्र सभी आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों को शीघ्र जवाबदेह ठहराने के लिए प्रतिबद्ध है।” इंग्लैंड विश्व कप में क्रोएशिया के खिलाफ बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेगा। कैनसस सिटी में गत चैंपियन अर्जेंटीना और नीदरलैंड की टीमों के भी शिविर लगे हुए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़