U-23 Asian Wrestling Championship 2026: Vietnam में भारतीय पहलवानों का जलवा, 3 Gold समेत 8 पदकों पर किया कब्जा

U23 asian wrestling championship 2026
Instagram @inspireinstituteofsport

वियतनाम में जारी अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा, जहाँ मानसी लाठेर, काजल और सुमित ने अपने-अपने भार वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। भारत ने कुल 3 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज की।

भारत का अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रविवार को शानदार प्रदर्शन जारी रहा जिसमें दूसरे दिन मानसी लाठेर, काजल और सुमित ने स्वर्ण पदक जीतकर दबदबा कायम रखा। मानसी ने 68 किग्रा स्वर्ण पदक मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया और उज्बेकिस्तान की फिरूजा एसेनबाएवा को 14-1 से करारी शिकस्त दी। काजल का 76 किग्रा फाइनल में प्रदर्शन भी शानदार रहा। उन्होंने किर्गिस्तान की आइझारकिन झानीबेकोवा को 10-0 से हराया।

वहीं ग्रीको-रोमन पहलवान सुमित ने 63 किग्रा वर्ग का खिताब जीता। उन्होंने उज्बेकिस्तान के ओजोदबेक खलीलबोएव को 12-2 से हराया। इन तीन स्वर्ण पदक के अलावा भारतीय दल ने दो रजत और तीन कांस्य पदक भी जीते। स्वीटी को वियतनाम की न्गोक एल से 5-7 से हार मिली और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। नेहा ने भी 59 किग्रा वर्ग फाइनल में जोरदार संघर्ष किया, लेकिन उज्बेकिस्तान की लायलोखोन सोबिरोवा से 5-9 से हार गईं। इसके साथ ही भारत को दिन का दूसरा रजत पदक मिला।

इस बीच अहिल्या एस शिंदे ने कांस्य पदक के प्लेऑफ मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने किर्गिस्तान की अरुके कादिरबेक किजी को 13-2 से करारी शिकस्त दी। ग्रीको-रोमन वर्ग में नीरज पटेल ने 55 किग्रा वर्ग के मुकाबले में बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन किया। उन्होंने कजाकिस्तान के रऊआन बेकिमोव को 8-0 से हराकर आसानी से कांस्य पदक अपने नाम किया। पदकों की संख्या में इजाफ़ा करते हुए रोहित बुरा ने 87 किग्रा वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने किर्गिस्तान के आर्टिकबेक अलीमबेक उलू को 9-0 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़