चौथे वनडे में Will Young ने ठोका शतक, न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 334 रन का लक्ष्य

चौथे वनडे में Will Young ने ठोका शतक, न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 334 रन का लक्ष्य
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

माउंट मोनगानुई में न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज विल यंग की 125 रन की पारी के दम पर चौथे एकदिवसीय मैच में 333 रन का स्कोर खड़ा किया। भारतीय गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में वापसी करते हुए कीवी टीम को ऑलआउट कर दिया। अक्षर पटेल ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 39 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

सलामी बल्लेबाज विल यंग ने भारत की कमजोर गेंदबाजी और लचर फील्डिंग का फायदा उठाते हुए 108 गेंद पर 125 रन की पारी खेली, लेकिन भारतीय टीम ने शुक्रवार को यहां चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को 333 रन पर आउट करके अच्छी वापसी की। भारत पांच मैच की श्रृंखला के पहले दो मैच जीतकर 2-0 से आगे है। श्रृंखला का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।

बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर यंग और उनके सलामी जोड़ीदार टिम सीफर्ट (48 गेंद पर 58 रन) ने 12 ओवरों में 85 रन जोड़कर पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए गए न्यूजीलैंड को शानदार शुरुआत दी। इस साझेदारी में सीफर्ट ने अहम भूमिका निभाई और 41 गेंदों में अपना पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को निशाने पर रखा तथा उन पर एक छक्का और दो चौके लगाए।

इसके बाद उन्होंने औकिब नबी पर लगातार दो चौके जड़े। दूसरी तरफ यंग ने धीमी शुरुआत की और उन्हें लगातार दो गेंदों पर जीवनदान मिला। जब वह पांच रन पर थे तब नबी की गेंद पर पहले पहली स्लिप में रोहित शर्मा ने उनका कैच छोड़ दिया जबकि अगली गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन कैच लेने में नाकाम रहे।

यंग ने इसका पूरा फायदा उठाया। बराड़ ने सीफर्ट को किशन के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई जिन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद यंग ने आक्रामक रवैया अपनाया।

भारतीय गेंदबाजों में अक्षर पटेल ने प्रभावित किया। उन्होंने शानदार लाइन पर गेंदबाजी करते हुए 10 ओवरों में सिर्फ 39 रन दिए और निक केली का विकेट लिया। लेकिन अन्य दो स्पिनरों कुलदीप यादव (आठ ओवर में 73 रन) और नमन धीर (चार ओवर में 29 रन देकर एक विकेट) ने जमकर रन लुटाए।

कुलदीप ने कभी-कभार गेंद को स्पिन कराया लेकिन ज्यादातर समय उनकी गेंदबाजी सपाट दिखी और एलन ने उन पर दो चौके और एक छक्का लगाया। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने लगभग हर ओवर में नौ से अधिक रन दिए। यंग ने बराड़ और कुलदीप की गेंदों पर एक-एक छक्का जड़ा।

स्पिनरों के खिलाफ पैरों का सटीक इस्तेमाल यंग की पारी की विशेषता रही, जिसका सबूत कुलदीप की गेंद पर कवर के ऊपर लगाया गया छक्का था। उस समय न्यूजीलैंड 350 से अधिक का स्कोर बनाने की स्थिति में दिख रहा था। लेकिन यंग तब आउट हो गए जब उन्होंने धीर की गेंद पर सीधा शॉट खेला और डीप में स्थानापन्न खिलाड़ी कुमार कुशाग्र को कैच दे दिया।

यंग ने 108 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और चार छक्के लगाए। भारतीय गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में न्यूजीलैंड को अपेक्षित तेजी से रन नहीं बनाने दिए। उसने अंतिम 10 ओवरों में केवल 68 रन बनाए।

कप्तान मिचेल सैंटनर की 24 रन की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड 300 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़