YouTube Shorts का बड़ा दांव, नए AI Features से Instagram Reels और TikTok को मिलेगी कड़ी टक्कर

YouTube
प्रतिरूप फोटो
Unsplash
Ankit Jaiswal । Mar 3 2026 2:45PM

कंटेंट क्रिएटर्स के लिए यूट्यूब शॉर्ट्स पर वीडियो एडिटिंग अब आसान होगी, क्योंकि ‘एड ऑब्जेक्ट’ और ‘रिइमेजिन’ जैसे नए एआई फीचर्स प्लेटफॉर्म पर ही उपलब्ध होंगे। यह कदम यूट्यूब को इंस्टाग्राम रील्स और टिकटॉक पर रणनीतिक बढ़त दिला सकता है, साथ ही ऑरिजनल क्रिएटर्स को क्रेडिट देने की व्यवस्था भी की गई है।

वीडियो बनाने वालों के लिए अच्छी खबर है। यूट्यूब अपनी रिमिक्स गैलरी में दो नए एआई फीचर जोड़ने की तैयारी कर रहा है, जिससे शॉर्ट्स बनाना और भी आसान हो जाएगा। मौजूद जानकारी के अनुसार इन टूल्स की मदद से अब वीडियो एडिटिंग में घंटों का समय नहीं लगेगा और क्रिएटर्स सीधे प्लेटफॉर्म पर ही बदलाव कर सकेंगे।

पहला फीचर ‘एड ऑब्जेक्ट’ के नाम से आएगा। बता दें कि इसके जरिए कोई भी क्रिएटर 8 सेकंड की शॉर्ट्स क्लिप में एआई से तैयार किया गया कोई भी ऑब्जेक्ट जोड़ सकेगा। उदाहरण के तौर पर अगर कोई यूजर पार्क में वॉक करते हुए वीडियो बना रहा है, तो वह बैकग्राउंड में डायनासोर, उड़ती कार या कोई काल्पनिक दृश्य जोड़ सकता है। इसके लिए किसी थर्ड पार्टी एप की जरूरत नहीं होगी।

दूसरा फीचर ‘रिइमेजिन’ है, जो एक साधारण फ्रेम को पूरी तरह नए एआई वीडियो में बदल देगा। यूजर को सिर्फ एक प्रॉम्प्ट लिखना होगा, जैसे ‘इसे मार्स ग्रह पर दिखाओ’। गौरतलब है कि रेफरेंस के तौर पर दो फोटो भी अपलोड की जा सकेंगी। यूट्यूब की ओर से सजेस्टेड प्रॉम्प्ट्स भी दिए जाएंगे ताकि नए क्रिएटर्स को मदद मिल सके।

यूट्यूब ने ऑरिजनल कंटेंट क्रिएटर्स के अधिकारों को लेकर भी सावधानी बरती है। एआई से तैयार किए गए हर रिमिक्स वीडियो को मूल वीडियो से लिंक किया जाएगा, जिससे असली क्रिएटर को क्रेडिट और ट्रैफिक मिलता रहेगा। साथ ही अगर कोई अपने वीडियो का एआई रिमिक्स नहीं चाहता, तो वह सेटिंग्स में जाकर रिमिक्सिंग विकल्प बंद कर सकता है।

मौजूद जानकारी के अनुसार फिलहाल यह फीचर इंग्लिश भाषा के क्रिएटर्स के साथ परीक्षण चरण में है। अगर यह सफल रहता है, तो 2026 के अंत तक इसे हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम शॉर्ट्स को इंस्टाग्राम रील्स और टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म के मुकाबले नई बढ़त दे सकता है और एआई आधारित कंटेंट क्रिएशन को एक नई दिशा दे सकता है

All the updates here:

अन्य न्यूज़