फिर से बड़े आंदोलन की तैयारी में हैं राकेश टिकैत, किसानों से कहा- ट्रैक्टरों में बंपर लगवाकर उसे टैंक बनाएं

rakesh tikait
ANI

राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार ने किसान आंदोलन के समापन के समय एमएसपी पर जिस कमेटी के गठन का वादा किया था वह भी छलावा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी के किसानों को पंजाब के किसानों से सीखना चाहिए कि अपने हक की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है।

सहारनपुर। क्या देश में एक बार फिर से किसी बड़े आंदोलन की तैयारी हो रही है? यह प्रश्न इसलिए उठ खड़ा हुआ है क्योंकि पिछले सप्ताह अपने आप को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले आंदोलनजीवी योगेंद्र यादव ने कहा था कि वह देश में कुछ आंदोलनों की भूमिका तैयार करने में जुटे हैं और अब किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि देश को किसान आंदोलन की तरह एक बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहना चाहिए। हम आपको बता दें कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सहारनपुर जिले में चौरा खुर्द की महापंचायत को संबोधित करते हुए बड़े ऐलान किये हैं। उन्होंने एक और आंदोलन के लिए सभी को तैयार रहने के लिए कहा कि जल्द ही आंदोलन की तारीख और स्थान बता दिया जायेगा। राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को अपनी आवाज खुद ही उठानी होगी क्योंकि विपक्ष से उम्मीद करना बेमानी है। राकेश टिकैत ने किसानों से कहा कि वह अपने ट्रैक्टरों पर बंपर लगवा लें ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें टैंकों के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।

राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार ने किसान आंदोलन के समापन के समय एमएसपी पर जिस कमेटी के गठन का वादा किया था वह भी छलावा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी के किसानों को पंजाब के किसानों से सीखना चाहिए कि अपने हक की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है। राकेश टिकैत ने कहा कि यह सरकार सबकुछ बेचने पर आमादा है इसलिए यह नस्ल और फसल की लड़ाई है। राकेश टिकैत ने कहा कि इस सरकार ने यूपी में चुनावों से पहले बिजली के बिल आधे कर दिये थे और घोषणापत्र में कई-कई वादे किये थे लेकिन अब बढ़े हुए बिजली के बिल आ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: अधिकारियों के बड़े फेरबदल से एक बार फिर पुख्ता हुई योगी की सख्त प्रशासक वाली छवि

भाजपा और मोदी-योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए टिकैत ने कहा कि इस सरकार की नजर हमारी जमीनों पर ही नहीं बल्कि रेहडी, पटरी और छोटे दुकानदारों के कारोबार पर भी है। ऐसे में इन लोगों को भी आंदोलनों से जोड़ना होगा। राकेश टिकैत ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार मंडियों को नुकसान पहुंचाने और मंडियों की जगह आरएसएस को देने की योजना बना रही है। टिकैत ने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए भी कहा कि यह योजना युवाओं के साथ धोखा है इसलिए नौजवानों और किसानों को संगठित रहना पड़ेगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़