पुतिन का विरोध करते करते उनकी गर्लफ्रैंड पर क्यों निशाना साध रहे हैं अमेरिका और यूरोपीय देश?

Putin Kabaeva
Creative Commons licenses

नवलनी लंबे अरसे से अलीना काबेवा के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि अलीना काबेवा की मीडिया कंपनी ने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण को लेकर पश्चिमी देशों की टिप्पणी को दुष्प्रचार अभियान के रूप में पेश करने का बीड़ा उठा रखा है।

यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस इस समय अमेरिका समेत पश्चिमी और यूरोपीय देशों के निशाने पर है। खासतौर पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ विदेशों में सख्त कदम उठाये जा रहे हैं। इसके साथ ही अब तो पुतिन की गर्लफ्रैंड भी पुतिन विरोधियों के निशाने पर आ गयी है। जी हाँ, अमेरिका के वित्त विभाग ने कहा है कि बाइडन प्रशासन ने पूर्व ओलंपिक जिमनास्ट एवं रूसी संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा की पूर्व सदस्य अलीना काबेवा का वीजा फ्रीज कर दिया है और उनकी संपत्तियों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। अमेरिका के वित्त विभाग ने कहा है कि अलीना काबेवा रूस की एक मीडिया कंपनी की प्रमुख हैं और यूक्रेन पर रूसी आक्रमण का समर्थन करती हैं। हम आपको बता दें कि पुतिन के जेल में बंद आलोचक एलेक्सी नवलनी लंबे अरसे से अलीना काबेवा के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि अलीना काबेवा की मीडिया कंपनी ने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण को लेकर पश्चिमी देशों की टिप्पणी को दुष्प्रचार अभियान के रूप में पेश करने का बीड़ा उठा रखा है।

अलीना काबेवा पर अमेरिकी कार्रवाई से पहले ब्रिटेन ने भी मई में उनके खिलाफ प्रतिबंधों को मंजूरी दी थी। वहीं, यूरोपीय संघ ने भी जून में अलीना काबेवा पर यात्रा और संपत्ति संबंधी प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। हम आपको यह भी बता दें कि अप्रैल में अमेरिका ने पुतिन की दोनों बेटियों- कैटरीना व्लादिमीरोवना तिखोनोवा और मारिया व्लादिमीरोवना वोरोत्सोवा पर भी प्रतिबंध लगाए थे और अब पुतिन की गर्लफ्रैंड पर भी प्रतिबंध लगा दिये हैं। देखना होगा कि पुतिन अपनी गर्लफ्रैंड पर की गयी कार्रवाई का क्या जवाब देते हैं। जहां तक पुतिन और अलीना काबेवा के रिश्तों की बात है तो आपको बता दें कि हालिया रिपोर्टों के मुताबिक कुछ दिनों पहले रूस में यह चर्चा थी कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक बार फिर पिता बन सकते हैं और इस बच्चे की मां एक बार फिर उनकी गर्लफ्रेंड अलीना काबेवा ही होंगी। कई खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि पुतिन और अलीना काबेवा के दो या तीन बच्चे पहले से हैं और अब वह एक बेटी को जन्म देने वाली हैं।

इसे भी पढ़ें: अमेरिका ने पुतिन की गर्लफ्रेंड अलीना कबाएवा का वीजा किया फ्रीज, संपत्तियों पर भी लगाए प्रतिबंध

जहां तक अलीना काबेवा के परिचय की बात है तो आपको बता दें कि 1983 में जन्मीं, काबेवा रूस के संभ्रांत अमीर लोगों में शुमार हैं। वह जिमानस्ट भी रही हैं। एक एथलीट के रूप में अपने पूरे कॅरियर में, उन्होंने 2 ओलंपिक पदक, 21 यूरोपीय चैम्पियनशिप पदक और 14 विश्व चैम्पियनशिप पदक जीते हैं। शीतकालीन ओलंपिक 2014 के दौरान उन्हें मशाल वाहक के रूप में भी चुना गया था।

हम आपको बता दें कि पुतिन और अलीना काबेवा के एक-दूसरे के नजदीक होने की खबरें पहली बार दुनिया के ध्यान में तब आईं जब मोस्कोवस्की कॉरेस्पोंडेंट नाम के एक स्थानीय समाचार पत्र ने एक समाचार प्रकाशित किया जिसमें बताया गया था कि पुतिन अलीना काबेवा के साथ संबंध बनाने की योजना बना रहे थे। पुतिन और अलीना काबेवा के साथ मुस्कुराते हुए और एक दूसरे से मिलते हुए की कई तस्वीरें दुनिया के सामने आईं लेकिन पुतिन ने कभी यह नहीं स्वीकार कि वह अलीना काबेवा के साथ रहते हैं। दोनों के रोमांटिक रिश्ते एक दशक से जगजाहिर होने के बावजूद दोनों ने कभी अपने संबंधों को स्वीकार नहीं किया। अलीना काबेवा की पेशेवर जिंदगी की बात करें तो वह राष्ट्रीय मीडिया समूह की मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानि सीईओ हैं। रूस में प्रमुख मीडिया संस्थानों में भी उनकी हिस्सेदारी बतायी जाती है। वह साल 2014 तक रूस की राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रिय रही हैं। वह यूनाइटेड रशिया पार्टी की सांसद रह चुकी हैं।

इसे भी पढ़ें: रूस पर इतना निर्भर क्यों हैं यूरोपीय देश? पुतिन लगाएंगे गैस पर रोक तो बढ़ जाएंगी मुश्किलें

तो पुतिन की गर्लफ्रैंड के तौर पर उन्होंने राजनीति में भी धाक जमाई है, पैसा भी खूब जमकर कमाया है और एक बड़ी मीडिया कंपनी के मालिक के तौर पर भी वह ऐश कर रही हैं। बस मुश्किल इस समय यह है कि विदेशों में उन्होंने जो संपत्ति बनाई थी उस पर कार्रवाई हो रही है।

-नीरज कुमार दुबे

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़