Today in History: जब Hitler ने की आत्महत्या, भारत को मिले दादासाहेब फाल्के, Rishi Kapoor ने कहा अलविदा

30 अप्रैल का दिन इतिहास में जर्मन तानाशाह हिटलर की आत्महत्या के लिए दर्ज है, तो वहीं इसी दिन भारतीय सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के का जन्म भी हुआ था। यह तारीख बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर की पुण्यतिथि के रूप में भी याद की जाती है।
इतिहास में 30 अप्रैल की तारीख दुनिया के सबसे बड़े तानाशाह माने जाने वाले जर्मन नेता एडोल्फ हिटलर की मौत के दिन के तौर पर दर्ज है। दुनिया से यहूदियों का नामो-निशान मिटा देने का ख्वाब देखने वाले जर्मन तानाशाह हिटलर ने 30 अप्रैल 1945 को सोवियत सेनाओं से घिरने के बाद बर्लिन में जमीन से 50 फुट नीचे एक बंकर में अपनी पत्नी इवा ब्राउन के साथ आत्महत्या कर ली थी।
30 अप्रैल, 1870 को भारतीय फिल्म उद्योग के पितामह कहे जाने वाले धुंडीराज गोविंद फालके का जन्म हुआ था। इन्हें ही दादासाहब फालके के नाम से जाना जाता है। प्रिंटिग के कारोबार में घाटे के बाद उन्होंने ईसामसीह पर बनी एक फिल्म देखी। उस समय ही उन्होंने फैसला लिया कि वे एक फिल्मकार बनेंगे। उन्होंने राजा हरिशचंद्र फिल्म बनायी। पूरे छह माह में बनी लगभग 3700 फुट लंबी फिल्म को 21 अप्रैल, 1913 को ओलम्पिया सिनेमा हॉल में रिलीज किया, जो बड़ी हिट हुई। लगभग दो दशकों के अपने करियर में, फालके ने 1913 से 1937 के बीच 94 फीचर-लंबी फिल्में और 27 लघु फिल्में बनाईं। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को मान्यता देते हुए, भारत सरकार ने उनके सम्मान में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार की स्थापना की। यह भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च पुरस्कार है, जो फिल्म जगत में आजीवन उपलब्धि के सम्मान में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के अंतर्गत प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है।
30 अप्रैल 2020 को हिन्दी फिल्मों में रोमांस की नयी परिगढ़ने और करीब तीन दशक तक बॉलीवुड के रोमांस किंग बनकर हसीनाओं के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता ऋषि कपूर का 37 साल की उम्र में ल्यूकेमिया (रक्त कैंसर) से निधन हो गया। ऋषि ने अपने पिता राज कपूर की फिल्म ‘श्री 420’ से बतौर बाल कलाकर बड़े पर्दे पर अपनी फिल्मी पारी का आगाज किया था। इसके बाद वह फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में नजर आए। बतौर मुख्य अभिनेता 1973 में आई ‘बॉबी’ उनकी पहली फिल्म थी, जो एक बड़ी हिट थी। इसके बाद करीब तीन दशक तक उन्होंने कई रोमांटिक फिल्में की। ‘लैला मजनू’, ‘रफू चक्कर’, ‘कर्ज’, ‘चांदनी’, ‘हिना’, ‘सागर’ जैसी कई फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया। अभिनेता के तौर पर अपनी दूसरी पारी में वह ‘दो दूनी चार’, ‘अग्निपथ’, ‘कपूर एंड सन्स’, ‘102 नॉट आउट’ में नजर आए।
देश दुनिया के इतिहास में 30 अप्रैल की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है :- 1030 : भारत में कई मंदिरों को लूटने वाले महमूद गज़नवी का निधन। 1598 : अमेरिका में पहली बार थियेटर का आयोजन। 1789 : जॉर्ज वॉशिंगटन सर्वसम्मति से अमेरिका के पहले राष्ट्रपति चुने गए। 1870 : भारतीय सिनेमा के पितामह धुंदीराज फालके उर्फ दादा साहब फालके का जन्म। 1896 : आनंदमयी मां का जन्म। 1908 : खुदीराम बोस और प्रफुल्ल चाकी ने मुजफ्फरपुर में किंग्सफोर्ड के मजिस्ट्रेट की हत्या करने के लिए बम फेंका, लेकिन दो बेगुनाह बम की चपेट में आकर मारे गए। 1936 : महात्मा गांधी ने अपना आवास बदला और वर्धा में सेवाग्राम आश्रम रहने लगे। 1945 : जर्मन तानाशाह हिटलर एवं उसकी पत्नी इवा ब्राउन ने आत्महत्या की। 1973 : अमेरिका के राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने देश के राष्ट्रपति के नाते वॉटरगेट कांड की ज़िम्मेदारी ली। हालांकि उन्होंने कहा कि वह निजी तौर पर इसके लिए जिम्मेदार नहीं हैं। 1975 : वियतनाम युद्ध का अंत हुआ। तीन दिन के सत्तारूढ़ राष्ट्रपति दुओंग वैन मिन्ह ने अपनी सेनाओं से समर्पण करने और उत्तरी वियतनामियों से हमले रोकने को कहा। 1991 : बांग्लादेश में भीषण चक्रवात में सवा लाख से अधिक लोगों की मौत और 90 लाख लोग बेघर। 1991 : अंडमान द्वीप समूह के एक निर्जन द्वीप पर एक सुप्त पड़े ज्वालामुखी में विस्फोट। शताब्दी में पहली बार ऐसा हुआ। 1993 : जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में एक मैच के दौरान उस समय की दुनिया की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी मोनिका सेलेज़ को छुरा मारकर घायल कर दिया गया। 2018 : अफगानिस्तान में एक के बाद एक हुए आतंकी हमलों में 10 पत्रकारों समेत 37 लोगों की मौत। 2020 : हिन्दी फिल्मों में रोमांस की नयी परिगढ़ने और करीब तीन दशक तक बॉलीवुड के रोमांस किंग बनकर हसीनाओं के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता ऋषि कपूर का 67 वर्ष की उम्र में ल्यूकेमिया (रक्त कैंसर) से निधन। 2021 : इजराइल में यहूदियों के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन ‘लाग बी’ओमर’ के दौरान भगदड़ में 40 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल 2023 : पंजाब के लुधियाना में घनी आबादी वाले गियासपुरा इलाके में गैस रिसाव के कारण तीन बच्चों समेत 11 लोगों की मौत। 2025 : कोलकाता के एक होटल में आग लगने से 14 लोगों की मौत, 13 घायल।
अन्य न्यूज़















