अभिनेता Ram Charan कलाई की सफल सर्जरी के बाद पत्नी उपासना संग Ayyappa Temple पहुंचे

Ram Charan
Instagram @alwaysramcharan
Neha Mehta । Jul 29 2026 5:03PM

साउथ सुपरस्टार राम चरण कलाई की सफल सर्जरी के बाद कोयंबटूर के प्रसिद्ध अय्यप्पा स्वामी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। मियामी के विशेषज्ञ और गंगा अस्पताल की मेडिकल टीम द्वारा की गई सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आठ सप्ताह के कड़े पुनर्वास कार्यक्रम और आराम की सलाह दी है। पूर्ण स्वस्थ होने के उपरांत ही अभिनेता निर्देशक सुकुमार की आगामी फिल्म की शूटिंग पर वापस लौटेंगे।

साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता राम चरण अपनी कलाई की सफल सर्जरी के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के तुरंत बाद मंगलवार को अभिनेता अपनी पत्नी उपासना कोनिडेला के साथ तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित प्रसिद्ध अय्यप्पा स्वामी मंदिर पहुंचे। दोनों ने पूरी निष्ठा के साथ भगवान अय्यप्पा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। सोशल मीडिया पर मंदिर से इस कपल की तस्वीरें सामने आई हैं जो तेजी से वायरल हो रही हैं।

मंदिर दर्शन के दौरान राम चरण काले रंग के परिधान में नजर आए और उनके दाहिने हाथ में स्लिंग बंधी हुई थी, जो उनकी हालिया सर्जरी की ओर इशारा कर रही थी। वहीं उनकी पत्नी उपासना मंदिर परिसर में एक गाय को केले खिलाती हुई दिखीं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अभिनेता को अच्छी स्थिति में देखकर उनके प्रशंसकों ने बड़ी राहत महसूस की है और उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: गटर जेनरेशन वाले बयान पर विवाद बढ़ने के बाद Kangana Ranaut ने वीडियो जारी कर दी सफाई

राम चरण की यह कलाई की सर्जरी कोयंबटूर के मशहूर गंगा अस्पताल में संपन्न हुई। कलाई की चोट काफी जटिल थी, जिसे देखते हुए मियामी से आए प्रसिद्ध हैंड एंड रिस्ट विशेषज्ञ डॉ. एलेजांद्रो बादिया को भी सर्जिकल टीम में विशेष रूप से शामिल किया गया था। इस सर्जरी को गंगा अस्पताल के चेयरमैन डॉ. एस राजशेखरन, डॉ. एलेजांद्रो बादिया, डॉ. प्रवीण भारद्वाज और विशेषज्ञों की उनकी पूरी टीम ने मिलकर अंजाम दिया।

मेडिकल टीम के अनुसार यह सर्जरी पूरी तरह से सफल रही है और राम चरण की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। डॉक्टरों ने अभिनेता को काम पर वापस लौटने से पहले एक संरचित पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) कार्यक्रम का पालन करने और आठ सप्ताह का अनिवार्य आराम करने की सलाह दी है। चिकित्सा टीम से हरी झंडी मिलने के बाद ही राम चरण फिर से शूटिंग सेट पर वापसी करेंगे।

इसे भी पढ़ें: बहुत सारे लोग थे... Shweta Tiwari पर पूर्व पति Raja Chaudhary ने लगाए बेहद गंभीर आरोप

वर्कफ्रंट की बात करें तो राम चरण को हाल ही में निर्देशक बुची बाबू सना की फिल्म पेड्डी में देखा गया था, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में थीं। अपनी कलाई के पूरी तरह ठीक होने और रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया समाप्त करने के बाद अभिनेता निर्देशक सुकुमार की अगली अनाम फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़