Sensex 264 अंक टूटा, शुरुआती कारोबार में Nifty भी 22,507 के स्तर पर फिसला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विदेशी पूंजी की निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजारों में नरमी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 264.97 अंक गिरकर 72,408.15 अंक पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 87.50 अंक घटकर 22,507.65 अंक पर रहा। आईटीसी, अदाणी पोर्ट्स और बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई।

मुंबई, आठ अक्टूबर घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। घरेलू एवं वैश्विक मौद्रिक परिस्थितियों में लंबे समय तक सख्ती बने रहने की बढ़ती संभावना, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी पूंजी की निकासी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 264.97 अंक फिसलकर 72,408.15 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 87.50 अंक की गिरावट के साथ 22,507.65 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से आईटीसी, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर में तेजी रही। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 2.02 प्रतिशत बढ़कर 102.2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 6,121.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स बुधवार को 429.11 अंक और निफ्टी 173.05 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़