Chandrababu Naidu ने UAE की कंपनियों को आंध्र प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश का न्योता दिया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने विशाखापत्तनम में यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री से मुलाकात कर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। राज्य सरकार एक लाख करोड़ रुपये के निवेश से रायलसीमा को वैश्विक बागवानी केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। यूएई की 12 और कंपनियों ने राज्य के प्रस्तावित खाद्य क्लस्टर में अपनी रुचि दिखाई है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रमुख कंपनियों को राज्य के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश के अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया। नायडू ने यहां यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री के साथ बैठक में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। मर्री सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए विशाखापत्तनम आए हुए हैं।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, नायडू ने कहा कि राज्य के दक्षिणी क्षेत्र रायलसीमा में उगाए जाने वाले फल पहले से ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात किए जा रहे हैं। राज्य सरकार एक लाख करोड़ रुपये के निवेश से रायलसीमा को वैश्विक बागवानी केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। मुख्यमंत्री ने यूएई की कृषि-खाद्य कंपनी सिलाल को राज्य में प्रस्तावित खाद्य क्लस्टर में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में कृषि और खाद्य उत्पादों की खरीद, प्रसंस्करण और निर्यात के क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। बयान के अनुसार, बैठक में चित्तूर जिले में दुबई की कंपनी फ्लोरमास्टर की प्रस्तावित इकाई स्थापित करने का मुद्दा भी उठा। नायडू ने यूएई के मंत्री से खाद्य क्लस्टर के बारे में जल्द फैसला कराने में मदद करने का आग्रह किया।

उन्होंने समुद्री क्षेत्र, वैमानिकी और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए यूएई की कंपनियों से राज्य में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने को कहा। उन्होंने इन क्षेत्रों में यूएई के साथ मिलकर काम करने की मंशा भी जताई। बयान के मुताबिक, यूएई के मंत्री ने कहा कि उनका देश भारत के पूर्वी तट पर निवेश करने को इच्छुक है और आंध्र प्रदेश यूएई के निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन सकता है।

यूएई के प्रतिनिधिमंडल ने आंध्र प्रदेश से झींगा और जलीय कृषि के अन्य उत्पादों के आयात की संभावनाएं तलाशने की जानकारी भी दी। बताया जाता है कि यूएई की 12 और कंपनियों ने राज्य में प्रस्तावित खाद्य क्लस्टर में निवेश करने में रुचि दिखाई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़