Commercial LPG कीमत में गिरावट, ATF हुआ महंगा

Commercial Lpg
AI Image

होटल और रेस्तरां में उपयोग होने वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 192 रुपये की कटौती की गई है। इसके साथ ही विमान ईंधन की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

नयी दिल्ली, एक अगस्त होटल और रेस्तरां जैसे प्रतिष्ठानों में उपयोग होने वाली वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में शनिवार को बड़ी कटौती की गयी। इसके तहत 19 किलोग्राम के एलपीजी के सिलेंडर के दाम में 192 रुपये की कमी की गयी है। वहीं विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई।

यह बदलाव अंतरराष्ट्रीय मानक दरों के रुख को देखते हुए किया गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों से मिली सूचना के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर अब 2,930 रुपये के बजाय 2,738 रुपये का मिलेगा। वहीं, एटीएफ की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 115 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

यह लगातार दूसरा महीना है, जब वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में कटौती की गई है। इससे पहले एक जुलाई को 183.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कमी की गई थी। वहीं, एटीएफ की कीमत में वृद्धि ने एक जुलाई को की गई लगभग समान कटौती का असर खत्म कर दिया।

एक जुलाई और एक अगस्त को वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में की गई कटौती से पहले पश्चिम एशिया संकट के कारण जून में इसकी कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। फरवरी के आखिर में संघर्ष शुरू होने के बाद 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत जून में बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई थी जबकि फरवरी में यह 1,740.50 रुपये थी। यानी इस दौरान इसमें कुल 1,373 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी।

इसके साथ ही बाजार मूल्य वाले पांच किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी 808.50 रुपये से घटाकर 762 रुपये कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय मानक मूल्यों और विदेशी मुद्रा विनिमय दरों के आधार पर इन कीमतों में संशोधन किया जाता है। वैट जैसे स्थानीय करों के कारण विभिन्न राज्यों में इनकी कीमतें अलग-अलग होती हैं।

घरेलू रसोई गैस (14.2 किलोग्राम) की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसकी कीमत 942 रुपये प्रति सिलेंडर बनी हुई है। घरेलू एलपीजी की कीमत में आखिरी बार सात जून को 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी के चलते मार्च में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन दोनों ईंधनों की कीमतों में आखिरी बार मई में लगभग 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़