Emcure Pharma बोर्ड ने दो अनुषंगी कंपनियों के विलय प्रस्ताव को दी हरी झंडी

Emcure Pharma बोर्ड ने दो अनुषंगी कंपनियों के विलय प्रस्ताव को दी हरी झंडी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दवा निर्माता एमक्योर फार्मास्युटिकल्स के निदेशक मंडल ने जुवेंटस हेल्थकेयर और एमक्यूटिक्स बायोफार्मास्युटिकल्स के मूल कंपनी में विलय की योजना को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने नियामकीय सूचना में बताया कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य समूह के भीतर कामकाज को व्यवस्थित करना और परिचालन दक्षता में सुधार लाना है। इस व्यवस्था में कोई नकद भुगतान या नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे, जिससे शेयरधारिता ढांचा पूर्ववत बना रहेगा।

दवा कंपनी एमक्योर फार्मास्युटिकल्स लि. के निदेशक मंडल ने अपनी दो पूर्ण अनुषंगी कंपनियों जुवेंटस हेल्थकेयर लि. और एमक्यूटिक्स बायोफार्मास्युटिकल्स लि. के मूल कंपनी में विलय की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इस विलय का उद्देश्य समूह के भीतर कंपनियों के ढांचे को व्यवस्थित करना और परिचालन दक्षता बढ़ाना है। एमक्योर फार्मास्युटिकल्स ने कहा कि इस योजना को अमल में लाने के लिए नियमों के तहत जरूरी वैधानिक और नियामकीय मंजूरियां लेनी होंगी।

इसमें मुंबई स्थित राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण की मंजूरी भी शामिल है। सूचना के मुताबिक, जुवेंटस हेल्थकेयर और एमक्यूटिक्स बायोफार्मास्युटिकल्स, एमक्योर फार्मास्युटिकल्स की पूर्ण अनुषंगी कंपनियां हैं। इसलिए इस योजना के तहत कोई नकद भुगतान नहीं किया जाएगा और न ही नए शेयर जारी किए जाएंगे।

इससे सूचीबद्ध कंपनी के शेयरधारिता ढांचे में भी कोई बदलाव नहीं होगा। एमक्योर फार्मास्युटिकल्स का कारोबार वित्त वर्ष 2025-26 में 5,243.19 करोड़ रुपये रहा। इसी अवधि में जुवेंटस हेल्थकेयर का कारोबार 1,040.58 करोड़ रुपये और एमक्यूटिक्स बायोफार्मास्युटिकल्स का कारोबार 29.37 करोड़ रुपये रहा था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़