West Asia संकट और तेल कीमतों से Airlines परेशान, AAPA प्रमुख Wong Hong ने जताई चिंता

Aviation Sector
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

एशिया पैसिफिक एयरलाइंस एसोसिएशन के अनुसार, आपूर्ति श्रृंखला की बाधाओं और पश्चिम एशिया संकट के चलते विमानन उद्योग भारी परिचालन व वित्तीय चुनौतियों से जूझ रहा है। संगठन ने कहा कि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और सतत बदलाव का पूरा बोझ अकेले एयरलाइंस पर नहीं डाला जा सकता। इसमें सरकारों और ईंधन उत्पादकों सहित सभी पक्षों की भागीदारी जरूरी है।

 एशिया पैसिफिक एयरलाइंस एसोसिएशन (एएपीए) ने शुक्रवार को कहा कि विमानन उद्योग आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाओं से परेशान है और यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि सतत बदलाव का पूरा बोझ केवल विमानन कंपनियां ही उठाएं। पश्चिम एशिया संकट के कारण विमानन कंपनियों को परिचालन और वित्तीय चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इस संकट से ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं और हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर भी पाबंदियां लगी हैं।

 एएपीए के महानिदेशक वोंग होंग ने कहा, ‘‘संघर्ष, तेल की आपूर्ति में बाधाएं, वैश्विक व्यापार तनाव और तेजी से बदलती नीतियां हवाई क्षेत्र तक पहुंच, हवाई यातायात के प्रवाह, ईंधन बाजारों और यहां तक कि विमानन कंपनियों के पूरे नेटवर्क के अर्थशास्त्र को बदल रही हैं।’’ संगठन के अध्यक्षों की 70वीं सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाएं हमारी सुधार और वृद्धि की महत्वाकांक्षाओं के रास्ते में लगातार परेशानी पैदा कर रही हैं।’’ 

वोंग ने कहा, ‘‘विमानों की आपूर्ति सीमित बनी हुई है। इंजन की उपलब्धता और रखरखाव में आ रही अड़चनें विमानों के बेड़े के इस्तेमाल को प्रभावित कर रही हैं। वहीं, आपूर्ति में लंबे समय तक हो रही देरी से क्षमता की योजना बनाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।’’ आपूर्ति श्रृंखला की समस्याओं के कारण विमानों के लंबित ऑर्डर की संख्या 16,000 से अधिक होने का अनुमान है। विमानों की आपूर्ति में लंबा समय लगने से विमानन कंपनियों के अधिक ईंधन दक्षता वाले विमानों को बेड़े में शामिल करने के प्रयासों में भी देरी हो रही है।

 वोंग ने विमानन उद्योग के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की योजना पर कहा, ‘‘हम सभी विमानन क्षेत्र के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की तात्कालिकता को समझते हैं। हकीकत यह है कि यह बदलाव अब भी कठिन, महंगा और असमान है।’’ उन्होंने साथ ही कहा कि सतत बदलाव का पूरा बोझ केवल विमानन कंपनियों पर नहीं डाला जा सकता। वोंग ने जोर दिया कि सरकारों, ईंधन उत्पादकों, हवाई अड्डों, निवेशकों और व्यापक विमानन क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। 

उन्होंने कहा, ‘‘बेशक, हम सभी चाहते हैं कि हवाई यात्रा अधिक पर्यावरण अनुकूल हो, लेकिन एसएएफ की मौजूदा कीमतों पर चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि पर्यावरण अनुकूल उड़ानें भरते हुए हमारा वित्तीय प्रदर्शन और खराब न हो जाए।’’ दीर्घकाल में एशिया प्रशांत क्षेत्र में वृद्धि की मजबूत संभावनाओं पर महानिदेशक ने कहा, ‘‘मध्यम वर्ग का विस्तार, लोगों की खर्च करने योग्य आय में वृद्धि, बढ़ता शहरीकरण और अंतरराष्ट्रीय यात्रा के प्रति बढ़ती रुचि एशिया प्रशांत क्षेत्र की विमानन कंपनियों के लिए वृद्धि के मजबूत आधार हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़