Kumamoto Masters के सेमीफाइनल में पहुंचे Lakshya Sen, Kidambi Srikanth हुए बाहर

भारत के लक्ष्य सेन ने कुमामोतो मास्टर्स जापान बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में जापान के युशी तनाका को 21-16, 21-15 से पराजित किया। वहीं, किदांबी श्रीकांत को जापान के कोकी वातानाबे के खिलाफ सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
भारत के अनुभवी खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया लेकिन किदांबी श्रीकांत एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और सीधे गेम में हारकर से बाहर हो गए। विश्व के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने 40 मिनट तक चले क्वार्टरफाइनल मैच में जापान के युशी तनाका को 21-16, 21-15 से पराजित किया। इस भारतीय खिलाड़ी के लिए यह जीत बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें चीन में होने वाले सत्र के आखिरी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने के लिए बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग के शीर्ष आठ में जगह बनानी होगी।
हाल में हाइलो ओपन जीतने वाले आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य वर्तमान में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग में 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर हैं। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला छठी वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी अल्वी फरहान से होगा। भारतीय खिलाड़ी ने विश्व में 10वें नंबर के फरहान के खिलाफ अभी तक दो मैच खेले हैं जिनमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले विश्व के 31वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत एक बार फिर अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रहे।
पहले गेम में उन्होंने अपने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा लेकिन दूसरे गेम में वह अच्छी बढ़त का फायदा नहीं उठा पाए और जापान के विश्व के 15वें नंबर के खिलाड़ी कोकी वातानाबे से 22-24, 15-21 से हार गए। भारतीय खिलाड़ी ने बृहस्पतिवार को जापान के विश्व के आठवें नंबर के खिलाड़ी और विश्व चैंपियनशिप में दो बार के रजत पदक विजेता कोडाई नाराओका को हराया था लेकिन वातानाबे के खिलाफ वह अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख पाए।
विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत ने पहला गेम करीबी अंतर से गंवाने के बाद दूसरे गेम में 12-5 की बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने कई गलतियां की जिसका उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा। वातानाबे ने अंतिम 19 में से 16 अंक जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
अन्य न्यूज़













