त्योहारी सीजन से पहले Flipkart ने तैयार किए 2.5 लाख से अधिक Jobs के मौके

फ्लिपकार्ट ने आगामी त्योहारों को देखते हुए देशभर में 2.5 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। इनमें से करीब 75,000 अवसर पहली बार नौकरी करने वालों के लिए हैं, जबकि कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत से अधिक है। इसके अलावा अमेजन और मीशो ने भी बड़े पैमाने पर भर्तियां घोषित की हैं।
ई-कॉमर्स मंच फ्लिपकार्ट ने आगामी त्योहारों से पहले बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए देशभर में 2.5 लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि इनमें से करीब 75,000 रोजगार के अवसर उन लोगों के लिए हैं, जो पहली बार नौकरी करने जा रहे हैं।
यह कुल अवसरों का करीब 30 प्रतिशत है। यह भर्ती अभियान देशभर में 7,000 से अधिक ई-कार्ट केंद्रों में चलाया जा रहा है। फ्लिपकार्ट समूह में आपूर्ति श्रृंखला, ग्राहक अनुभव और ‘री-कॉमर्स’ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत बद्री ने कहा, ‘‘त्योहारों का समय भारत के पूरे वाणिज्यिक तंत्र को एक साथ लाता है और इसमें हमारी आपूर्ति श्रृंखला की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस साल हम ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अंतिम छोर तक आपूर्ति नेटवर्क का विस्तार कर रहे हैं और साथ ही देशभर में रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं।’’ फ्लिपकार्ट ने कहा कि उसके आपूर्ति श्रृंखला कार्यबल में अब महिलाओं की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत से अधिक है।
फ्लिपकार्ट की प्रतिद्वंद्वी अमेजन इंडिया ने भी त्योहारों से पहले अपने परिचालन नेटवर्क में 1.6 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। वहीं, मीशो ने पिछले महीने कहा था कि वह बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपने विक्रेता और लॉजिस्टिक तंत्र में 10 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने की उम्मीद कर रही है।
अन्य न्यूज़













