Gaja Alternative Asset Management IPO को आखिरी दिन 31.33 गुना मिला सब्सक्रिप्शन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के 550 करोड़ रुपये के सार्वजनिक निर्गम के तहत पेश 2.53 करोड़ शेयरों के मुकाबले 79.35 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। इस निर्गम में गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी 62.35 गुना, पात्र संस्थागत खरीदार 43.58 गुना और खुदरा हिस्सा 11.03 गुना भरा। कंपनी के इक्विटी शेयर 26 अगस्त को बीएसई तथा एनएसई पर सूचीबद्ध होने प्रस्तावित हैं।

परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन शुक्रवार को 31.33 गुना अभिदान मिला। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, 550 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत पेश 2,53,28,946 शेयरों के मुकाबले 79,35,33,846 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित श्रेणी को 62.35 गुना बोलियां मिलीं।

पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 43.58 गुना और खुदरा निवेशकों को 11.03 गुना अभिदान मिला। गाजा कैपिटल ब्रांड के तहत संचालन करने वाली गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 165 करोड़ रुपये जुटाए। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 152-160 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया था।

मूल्य दायरे की ऊपरी सीमा पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण लगभग 2,256 करोड़ रुपये होगा। सार्वजनिक निर्गम में 450 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और 100 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। नए शेयर निर्गम से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, नए कोष में लगाने और सामान्य निगमित उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

इसके इक्विटी शेयरों को 26 अगस्त को बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़