Strong Operating Performance: महंगाई के दबाव के बावजूद Godrej Consumer का Net Profit ₹504 करोड़ पार

 Godrej
ANI

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने 11.5 प्रतिशत की शुद्ध लाभ वृद्धि के साथ मजबूत वित्तीय स्थिति प्रदर्शित की है। परिचालन आय में 18.31 प्रतिशत की वृद्धि और बिक्री मात्रा में 9 प्रतिशत का उछाल एफएमसीजी क्षेत्र में इसकी मजबूत बाजार पकड़ को दर्शाता है। यह प्रदर्शन कमोडिटी कीमतों के दबाव के बावजूद परिचालन दक्षता और रणनीतिक विस्तार का परिणाम है।

रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनी गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (जीसीपीएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत बढ़कर 504.52 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 452.45 करोड़ रुपये था। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 18.31 प्रतिशत बढ़कर 4,225.47 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,571.32 करोड़ रुपये थी।

गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप (जीआईजी) की एफएमसीजी इकाई ने बयान में कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान एकीकृत बिक्री में सालाना आधार पर 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बढ़ोतरी का कारण बिक्री की मात्रा में नौ प्रतिशत की वृद्धि है। कंपनी के सभी कारोबार में आय और मुनाफे में व्यापक स्तर पर वृद्धि दर्ज की गई।’’

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जीसीपीएल का कुल खर्च 18.6 प्रतिशत बढ़कर 3,585.24 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुधीर सीतापति ने कहा कि जीसीपीएल की कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई और मार्जिन 19 प्रतिशत रहा। शुद्ध लाभ में 11 प्रतिशत की वृद्धि मजबूत परिचालन प्रदर्शन को दर्शाती है, हालांकि जिंस की ऊंची कीमतों का कुछ दबाव बना रहा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़