Delhi Air Quality: दिल्ली में AQI 204 पर पहुंचा, 11.6 डिग्री के साथ सीजन की सबसे ठंडी सुबह

Delhi Air Quality: दिल्ली में AQI 204 पर पहुंचा, 11.6 डिग्री के साथ सीजन की सबसे ठंडी सुबह
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक सुधरकर 204 दर्ज हुआ, जो इस महीने का सबसे बेहतर स्तर है। इसके साथ ही सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान गिरकर 11.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे यह इस मौसम की सबसे सर्द सुबह बन गई। शहर में प्रदूषण के मुख्य कारक के रूप में पीएम 2.5 कण दर्ज किए गए।

दिल्ली में मंगलवार को नवंबर की अब तक की सबसे साफ हवा दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 204 रहा। इस बीच, शहर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही और सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस महीने ‘खराब’ श्रेणी में 204 के एक्यूआई के साथ दिल्ली की वायु गुणवत्ता सबसे बेहतर रही।

इससे कई दिनों से बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बाद लोगों को कुछ राहत मिली। इससे पहले दिल्ली में 31 अक्टूबर को एक्यूआई 117 दर्ज किया गया था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। आंकड़े दर्ज करने वाले 58 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 31 ‘खराब’ श्रेणी में रहे, 26 में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ दर्ज की गई, जबकि एक केंद्र, सिरीफोर्ट में 303 एक्यूआई के साथ वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही।

राष्ट्रीय राजधानी में नवंबर के अधिकांश समय धुंध छाई रही और प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहा। दिवाली से पहले और बाद, दोनों ही अवधि में वायु गुणवत्ता खराब हुई। मंगलवार को दर्ज एक्यूआई से लंबे समय से खराब वायु गुणवत्ता का सामना कर रहे लोगों को कुछ राहत मिली।

शहर में पीएम2.5 प्रमुख प्रदूषक बना रहा। पार्टिकुलेट मैटर 2.5 से तात्पर्य 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम व्यास वाले सूक्ष्म कणों से है, जिन्हें सांस के जरिए शरीर के भीतर लिया जा सकता है। ये कण फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं और यहां तक कि रक्तप्रवाह में भी प्रवेश कर सकते हैं, जिससे मानव स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो सकता है।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में वास्तविक समय में पीएम2.5 के स्तर में सबसे बड़ा योगदान द्वितीयक कार्बनिक एरोसोल का रहा। अनुमानित प्रदूषण भार में इनकी हिस्सेदारी 32.2 प्रतिशत थी। पराली जलाने और लकड़ी तथा गोबर के उपलों जैसे घरेलू ठोस जैव ईंधनों के इस्तेमाल सहित बायोमास जलाने का योगदान 18 प्रतिशत रहा, जबकि कचरा जलाने की हिस्सेदारी 15.7 प्रतिशत और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी 14.5 प्रतिशत रही।

इस बीच, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में मंगलवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 11.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से 0.7 डिग्री कम था। यह इस मौसम में अब तक दर्ज किया गया सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। अन्य मौसम केंद्रों में पालम में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था, जबकि लोधी रोड में 12 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था।

रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था, जबकि आया नगर में 12.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था। पालम में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था, जबकि लोधी रोड में 27.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रिज मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक था, जबकि आया नगर में 26.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़