Hyundai Motor India को Q2 से कार निर्यात बढ़ने की उम्मीद है, 8-10% वृद्धि का जताया भरोसा

Hyundai Motor
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही से अपने निर्यात कारोबार में मजबूत सुधार की उम्मीद है। कंपनी के प्रबंध निदेशक तरुण गर्ग ने बताया कि पहली तिमाही में 19.6 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद बेहतर ऑर्डर और प्रमुख बाजारों में मांग के कारण कंपनी पूरे वित्त वर्ष में 8 से 10 प्रतिशत की समग्र वृद्धि का अनुमान हासिल करने को लेकर आश्वस्त है।

नयी दिल्ली, नौ अगस्त हुंदै मोटर इंडिया लि. (एचएमआईएल) को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही से निर्यात कारोबार में मजबूत सुधार की उम्मीद है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा है कि प्रमुख बाजारों में मजबूत मांग और बेहतर बकाया ऑर्डर की वजह से निर्यात में तेजी आने की उम्मीद है। कंपनी के निर्यात में वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 19.6 प्रतिशत की गिरावट आई है और यह 38,708 इकाई रहा है।

पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 48,140 वाहनों का निर्यात किया था। गर्ग ने विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा कि पिछले वित्त वर्ष के अंत में शुरू हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष का असर पहली तिमाही में भी पश्चिम एशिया के निर्यात पर पड़ा। इसके अलावा, जून में उत्पादन में आई अस्थायी बाधा की वजह से भी निर्यात की मात्रा प्रभावित हुई।

हालांकि, उन्होंने कहा कि कंपनी के निर्यात कारोबार की बुनियादी स्थिति मजबूत बनी हुई है। प्रमुख बाजारों में ऑर्डर का अच्छा ‘बैकलॉग’ है और ग्राहकों की मांग भी मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कंपनी पूरे वित्त वर्ष के लिए आठ से 10 प्रतिशत की समग्र वृद्धि के अनुमान को हासिल करने को लेकर आश्वस्त है।

उन्होंने बताया कि नई वेन्यू को विदेशी बाजारों में भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। यह मॉडल फिलहाल 29 बाजारों में उपलब्ध है और कंपनी निकट भविष्य में इसे कुल 35 बाजारों तक पहुंचाने की योजना बना रही है। कंपनी ने वरना पीई और एक्सटर पीई की भी विदेशी बाजारों में आपूर्ति शुरू कर दी है।

एक्सटर के बाएं हाथ की ओर से चलाने वाले (एलएचडी) संस्करण को पहली बार पेश किया गया है। इसके निर्यात की शुरुआत चालू तिमाही में हुई है और तीसरी तिमाही तक इसे 13 बाजारों में पहुंचाने की योजना है। हालांकि, गर्ग ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते माल ढुलाई से जुड़ी चुनौतियां अभी बनी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी अपने लॉजिस्टिक भागीदारों के साथ मिलकर इन चुनौतियों से निपटने के तरीके तलाश रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया से ऑर्डर की स्थिति में सुधार हो रहा है और जून में हुई उत्पादन संबंधी समस्या अब पीछे छूट चुकी है। कंपनी ने भी उत्पादन बढ़ाना शुरू कर दिया है।

मेक्सिको के बाजार के बारे में गर्ग ने कहा कि शुल्क से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद वहां कारोबार कायम है और कंपनी को अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कंपनी पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के 48,000 इकाई के निर्यात स्तर को फिर हासिल कर सकती है, गर्ग ने कहा कि कंपनी की आकांक्षाएं इससे भी अधिक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली तिमाहियों में कंपनी 48,000 इकाई से अधिक वाहनों का तिमाही निर्यात करेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़