पंजाब में Shiromani Akali Dal संग गठबंधन पर केंद्रीय नेतृत्व लेगा फैसला, बोले CR Patil

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्री और पंजाब चुनाव प्रभारी सी आर पाटिल ने चंडीगढ़ में स्पष्ट किया कि शिरोमणि अकाली दल के साथ संभावित चुनावी तालमेल पर अंतिम निर्णय केवल पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए सुखबीर सिंह बादल के साथ किसी भी प्रकार की बैठक से इनकार किया।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों की तरह 2027 में पंजाब विधानसभा चुनाव भी जीतेगी। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन करना है या नहीं, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। पाटिल भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी हैं।

उनका राज्य का दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के फिर से साथ आने की अटकलें लगाई जा रही हैं। शिअद ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। ये तीनों कृषि कानून अब निरस्त किए जा चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री ने अपने दौरे के दौरान चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, सांसद सतनाम सिंह संधू और पार्टी नेता सुभाष शर्मा, विनीत जोशी तथा रणजीत सिंह गिल मौजूद थे। पाटिल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने पश्चिम बंगाल, बिहार और अन्य राज्यों में चुनाव जीते हैं।

उन्होंने दावा किया कि पार्टी पंजाब में भी जीत हासिल करेगी। यह पूछे जाने पर कि भाजपा पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी या गठबंधन करेगी, पाटिल ने कहा कि यह फैसला पार्टी नेताओं को करना है। उन्होंने कहा, “हमारे नेता इस बारे में फैसला करेंगे।” पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ एक कार्यकर्ता हूं।” शिअद के साथ गठबंधन की अटकलों पर पाटिल ने कहा, जो भी अंतिम फैसला होगा, वह आपके सामने आ जाएगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या गठबंधन को लेकर शिअद के साथ बैठक हो सकती है, उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, फैसला लेने वाले दूसरे नेता हैं। मैं सिर्फ एक कार्यकर्ता हूं।

शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ गठबंधन को लेकर बैठक होने के सवाल पर पाटिल ने ऐसी किसी बैठक से इनकार किया। उन्होंने कहा, अगर कोई बातचीत होनी है तो वह पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे। मेरा इसमें कोई दखल नहीं है।

आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के शासन में कथित तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर पाटिल ने कहा कि पंजाब के लोग राज्य के हालात जानते हैं। उन्होंने कहा कि लोग इस सरकार से छुटकारा पाना चाहते हैं। करतारपुर गलियारे को फिर से खोलने के सवाल पर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले भी इस दिशा में प्रयास किए थे और उन्हें कुछ सफलता मिली थी।

उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि भविष्य में भी सभी की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़