Edible Oil Import: भारत का खाद्य तेल आयात खर्च 24% उछलकर 2 लाख करोड़ रुपये हुआ

उद्योग संगठन SEA के अनुसार तेल वर्ष 2025-26 में भारत का खाद्य तेल आयात छह प्रतिशत बढ़कर 1.69 करोड़ टन दर्ज हुआ। इस दौरान कच्चे तेलों की खरीद बढ़ने और रिफाइंड पामोलीन की आवक घटने से आयात बिल में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई।
भारत का खाद्य तेल आयात तेल वर्ष 2025-26 (नवंबर-अक्टूबर) में छह प्रतिशत बढ़कर 1.69 करोड़ टन हो गया। वहीं, इसका आयात खर्च 24 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड करीब दो लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। उद्योग संगठन सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एसईए ने बयान में कहा कि तेल वर्ष 2024-25 में खाद्य तेल का आयात 1.60 करोड़ टन रहा था और इस पर करीब 1,61,126 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। गैर-खाद्य तेलों सहित कुल वनस्पति तेलों का आयात भी पांच प्रतिशत बढ़कर 1.72 करोड़ टन हो गया, जो एक साल पहले 1.63 करोड़ टन था। भारत घरेलू आपूर्ति और मांग के बीच अंतर को पूरा करने के लिए 1990 के दशक से खाद्य तेलों का आयात कर रहा है।
एसईए के अनुसार, पिछले 20 वर्षों में खाद्य तेलों के आयात की मात्रा 2.8 गुना बढ़ी है, जबकि इस पर होने वाला खर्च करीब 15 गुना बढ़ गया है। एसईए ने बताया कि तेल वर्ष 2025-26 में रिफाइंड खाद्य तेलों का आयात घटकर 8.2 लाख टन रह गया, जो इससे पिछले वर्ष 17.4 लाख टन था। कुल आयात में इनकी हिस्सेदारी भी 11 प्रतिशत से घटकर पांच प्रतिशत रह गई।
इसकी मुख्य वजह इंडोनेशिया और मलेशिया से रिफाइंड पामोलीन का लगभग न के बराबर आयात होना है। इस दौरान मुख्य रूप से नेपाल से रिफाइंड सोयाबीन तेल का आयात हुआ, जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर, कच्चे खाद्य तेलों का आयात 1.42 करोड़ टन से बढ़कर 1.61 करोड़ टन हो गया।
कुल आयात में इसकी हिस्सेदारी भी 89 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गई। इसकी प्रमुख वजह रिफाइंड पामोलीन के स्थान पर कच्चे पाम तेल की अधिक खरीद रही। पाम तेल का आयात 75.8 लाख टन से बढ़कर 82.3 लाख टन हो गया, जबकि सोयाबीन और सूरजमुखी जैसे नरम तेलों का आयात 84.3 लाख टन से बढ़कर 87 लाख टन पहुंच गया।
कुल खाद्य तेल आयात में पाम तेल की हिस्सेदारी 47 प्रतिशत से बढ़कर 49 प्रतिशत हो गई, जबकि नरम तेलों की हिस्सेदारी 53 प्रतिशत से घटकर 51 प्रतिशत रह गई। एसईए के अनुसार, एक नवंबर को बंदरगाहों पर खाद्य तेल का भंडार अस्थायी अनुमान के मुताबिक 13.5 लाख टन था। वहीं, कारखानों, डिपो, वितरकों और खुदरा विक्रेताओं के पास मौजूद भंडार 9.5 लाख टन रहने का अनुमान है।
इस तरह, एक नवंबर को खाद्य तेल का कुल भंडार 23.1 लाख टन था, जो एक अक्टूबर के 20.7 लाख टन के मुकाबले 2.3 लाख टन अधिक है।
अन्य न्यूज़














