भारत का Merchandise Export अक्टूबर में 45 प्रतिशत उछलकर 49.47 अरब डॉलर हुआ

भारत का Merchandise Export अक्टूबर में 45 प्रतिशत उछलकर 49.47 अरब डॉलर हुआ
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार देश का वस्तु निर्यात अक्टूबर महीने में सालाना आधार पर करीब 45 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ 49.47 अरब डॉलर दर्ज किया गया। इस दौरान व्यापार घाटा कम होकर 39.88 अरब डॉलर रह गया, जबकि कुल निर्यात सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा।

भारत का वस्तु निर्यात अक्टूबर में सालाना आधार पर करीब 45 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 49.47 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान आयात भी बढ़कर 89.35 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

व्यापार घाटा अक्टूबर में 39.88 अरब डॉलर रहा, जो अक्टूबर 2025 के 42.58 अरब डॉलर से कम है। अक्टूबर 2025 में वस्तुओं का निर्यात 34.11 अरब डॉलर और आयात 76.69 अरब डॉलर रहा था। समीक्षाधीन महीने में सोने का आयात घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया, जो अक्टूबर 2025 में 14.72 अरब डॉलर था।

मंत्रालय ने कहा कि अक्टूबर 2026 में वस्तुओं के निर्यात में वृद्धि के प्रमुख कारण पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रत्न एवं आभूषण, जैविक और अजैविक रसायन तथा इंजीनियरिंग सामान रहे। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-अक्टूबर के दौरान वस्तुओं का कुल निर्यात 309.06 अरब डॉलर रहा, जो बीते वित्त वर्ष की समान अवधि के 253.40 अरब डॉलर से 21.96 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर 2026 में सेवाओं का निर्यात अनुमानित 40.51 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 35.17 अरब डॉलर था।

सेवाओं का आयात अक्टूबर 2025 के 17.73 अरब डॉलर से बढ़कर 20.72 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। इस बीच, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि अक्टूबर में वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात बढ़कर अब तक के सबसे ऊंचे मासिक स्तर 89.99 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान कुल व्यापार घाटा घटकर 20.09 अरब डॉलर रह गया।

अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 के दौरान भारत का कुल निर्यात अनुमानित 568.84 अरब डॉलर रहा, जो सालाना आधार पर 16.66 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में कुल आयात 16 प्रतिशत बढ़कर 662.19 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। वाणिज्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अक्टूबर में वस्तुओं का निर्यात रिकॉर्ड 49.47 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह अब तक का सबसे अधिक मासिक वस्तु निर्यात है। साथ ही, पिछले पांच साल में 45.06 प्रतिशत की यह सबसे अधिक मासिक वृद्धि है।’’ अग्रवाल ने कहा, ‘‘अब तक किसी भी महीने में हमारा कुल निर्यात 89.99 अरब डॉलर नहीं रहा है। पिछले पांच साल में 29.9 प्रतिशत की यह तीसरी सबसे अधिक मासिक वृद्धि दर भी है।’’ उन्होंने कहा कि इस वृद्धि की खास बात यह है कि यह किसी एक क्षेत्र या भौगोलिक इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न देशों और क्षेत्रों में व्यापक रूप से दर्ज की गई है।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘अक्टूबर 2026 में हमारे 50 प्रमुख निर्यात बाजारों में से 43 में अक्टूबर 2025 की तुलना में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।’’ निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो के अध्यक्ष एस सी रल्हन ने निर्यात क्षेत्र के प्रदर्शन पर कहा कि अक्टूबर के आंकड़े वृद्धि की रफ्तार और विभिन्न देशों में निर्यात के विस्तार, दोनों लिहाज से उत्साहजनक हैं। शीर्ष 50 बाजारों में से 43 में निर्यात बढ़ना भारतीय निर्यातकों की मजबूती और वैश्विक व्यापार की अनिश्चितताओं के बावजूद अवसरों का लाभ उठाने की उनकी क्षमता को दर्शाता है। फियो के मुताबिक, इंजीनियरिंग सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रसायन, दवाओं एवं औषधियों, रत्न एवं आभूषण, कपड़ा एवं परिधान, चावल तथा प्लास्टिक और लिनोलियम के निर्यात में वृद्धि से कुल निर्यात को समर्थन मिला।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़