भारत और US Trade Deal के बड़े मुद्दों पर बनी सहमति, अंतिम रूप देने के करीब पहुंचे दोनों देश

नयी दिल्ली में ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर तेजी से हो रही प्रगति की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों देश बड़े मामलों को सुलझा चुके हैं और मंत्रियों द्वारा जल्द इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर होने की पुष्टि की है।
भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है और इसके ‘बड़े मुद्दों’ पर सहमति बन चुकी है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देश समझौते को अंतिम रूप देने में सफल होंगे।
यहां ‘ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम’ में संवाद सत्र के दौरान गोर ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की प्रगति को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के आकलन से भी सहमति जताई। उन्होंने कहा, ‘‘हम इसे अंतिम रूप देने के बहुत करीब है।’’ बातचीत की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर गोर ने कहा, “मैं इस चरण में बहुत अधिक विवरण में नहीं जाना चाहूंगा और मंत्रियों को इसकी घोषणा करने देना चाहूंगा। लेकिन व्यापक रूप से देखें तो बड़े मुद्दों पर सहमति बन चुकी है।” उन्होंने कहा, “हम सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं।
यहां आने के तीन सप्ताह के भीतर हमने एक व्यापार समझौते की घोषणा की थी। यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते में करीब 20 साल लग गए। इसलिए हम अविश्वसनीय गति से आगे बढ़ रहे हैं और मुझे विश्वास है कि हम इसे पूरा कर लेंगे।” भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच करीब 20 साल की बातचीत के बाद जनवरी में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप दिया गया था।
गोर ने कहा, “हम डेढ़ साल से इस पर काम कर रहे हैं। हमारी प्रगति की गति असाधारण है, मैं कहूंगा कि यह लगभग अभूतपूर्व है। इसलिए मुझे विश्वास है कि हम इस समझौते को पूरा कर लेंगे।” जयशंकर ने फोरम के पहले के सत्र में कहा था कि प्रस्तावित समझौते को लेकर दोनों पक्ष मतभेद दूर करने के लिए बातचीत कर रहे हैं और यह प्रक्रिया समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी कहा था कि द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के मूल आधार में कोई बदलाव नहीं आया है। गोर ने कहा, “हम लक्ष्य के करीब पहुंच रहे हैं। मुझे विश्वास है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होगा।
जैसा कि जयशंकर ने इसी मंच पर कहा, हम इसे अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं।”
अन्य न्यूज़













