विदेशी पूंजी और घरेलू शेयर बाजार से मिला Rupee को बल, Dollar के मुकाबले सुधरा भाव

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विदेशी मुद्रा बाजार में मंगलवार को कच्चा तेल सस्ता होने और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली से स्थानीय मुद्रा में तेजी दर्ज की गई। अंतरबैंक बाजार में यह 93.72 पर खुलने के बाद मजबूती दिखाते हुए 93.63 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे मजबूत होकर 93.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, विदेशी पूंजी के मजबूत प्रवाह और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से घरेलू मुद्रा को बल मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.72 प्रति डॉलर पर खुला।

बाद में बढ़त दर्ज करते हुए 93.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 31 पैसे की बढ़त है। रुपया सोमवार को 25 पैसे मजबूत होकर 93.94 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत बढ़कर 103.50 पर आ गया।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 108.83 अंक चढ़कर 82,184.33 अंक पर और निफ्टी 31.90 अंक की बढ़त के साथ 25,325.75 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.79 प्रतिशत फिसलकर 91.71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़