Rupee vs US Dollar: विदेशी पूंजी प्रवाह से रुपया 5 पैसे चढ़कर 95.17 पर बंद

Indian Rupee
AI Image

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा मजबूती दर्ज करते हुए 95.17 पर बंद हुई। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर वैश्विक बाजारों में जारी अनिश्चितता के बावजूद विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने भारतीय मुद्रा को समर्थन दिया। कारोबार के दौरान रुपया 95.16 से 95.28 के दायरे में रहा, जबकि घरेलू शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 480.24 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की।

मुंबई, सात अगस्त रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 95.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी बातचीत के नतीजों को लेकर अनिश्चितता से वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा के बावजूद विदेशी पूंजी का निवेश बढ़ने से रुपये में तेजी आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.27 प्रति डॉलर पर खुला।

कारोबार के दौरान यह 95.16 से 95.28 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में पांच पैसे की बढ़त के साथ 95.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपया बृहस्पतिवार को 14 पैसे की गिरावट के साथ 95.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और ओमान के बीच समझौते पर अनिश्चितता के कारण रुपये में हल्का नकारात्मक रुख रह सकता है।

हालांकि, सप्ताहांत में इस संबंध में आने वाली किसी भी खबर से बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।’’ उन्होंने कहा कि सकारात्मक घटनाक्रम रुपये को सहारा दे सकता है, जबकि इसके विपरीत स्थिति में दबाव बढ़ सकता है। निवेशकों की नजर अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों पर भी रहेगी। उन्होंने अनुमान जताया कि डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 95 से 95.60 के दायरे में रह सकती है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.90 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.30 डॉलर प्रति बैरल रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 455.59 अंक टूटकर 78,499.17 अंक जबकि निफ्टी 65.35 अंक टूटकर 24,570.65 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 480.24 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़