Karnataka में Analog Paneer के उत्पादन और बिक्री पर एक साल का बैन लगा

Karnataka Bans
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गैर-डेयरी पनीर के निर्माण, भंडारण और खुदरा बिक्री पर 17 अगस्त से पूर्ण रोक लगा दी है। अधिकारियों के मुताबिक वनस्पति तेल या वसा से तैयार इस विकल्प को पनीर के नाम से बेचना खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध प्रोसेस्ड चीज और फ्रोजन मिठाई जैसे तय मानकों वाले उत्पादों पर लागू नहीं होगा।

कर्नाटक सरकार ने जन स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के मद्देनजर ‘एनालॉग’ पनीर (गैर डेयरी) की बिक्री, उत्पादन, भंडारण और आपूर्ति पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त श्रीनिवास के. ने बयान में कहा, ‘‘विभाग ने 17 अगस्त को अधिसूचना जारी कर राज्य में एनालॉग/गैर-डेयरी पनीर के निर्माण, प्रसंस्करण, पैकिंग, भंडारण, आपूर्ति, थोक और खुदरा बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगाया है।’’ अधिकारियों के अनुसार, ‘एनालॉग’ पनीर दूध से तैयार किए जाने वाले सामान्य पनीर का विकल्प है, जिसे दूध के बजाए वनस्पति तेल, वनस्पति वसा या अन्य गैर-डेयरी सामग्री का इस्तेमाल कर बनाया जाता है।

इसे भी पढ़ें: Karnataka IAS Officer ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार लापता, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मिली आखिरी लोकेशन

उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पादों को उपभोक्ताओं के सामने ‘पनीर’ के रूप में लेबल नहीं किया जा सकता, न ही उनका विपणन या बिक्री इस नाम से की जा सकती है। विभाग ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य उत्पाद मानक एवं खाद्य योजक) नियम, 2011 के तहत पनीर एक मानकीकृत खाद्य उत्पाद है, जिसे दूध से तैयार किया जाता है। पनीर में दूध की वसा एक प्रमुख घटक होती है और उसकी जगह वनस्पति तेल, वनस्पति वसा या अन्य गैर-डेयरी सामग्री का इस्तेमाल मान्य नहीं है।

विभाग ने कहा कि कर्नाटक में पनीर के कई नमूनों की जांच की गई और उनमें मिलावट नहीं पाई गई। हालांकि, जन स्वास्थ्य के हित में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया है। यह आदेश फ्रोजन मिठाई, प्रोसेस्ड चीज और मिश्रित वसा स्प्रेड जैसे मानकीकृत खाद्य उत्पादों पर लागू नहीं होगा, क्योंकि इनके लिए अलग-अलग मानक पहले से तय हैं।

इसे भी पढ़ें: Bombay High Court ने Analog Paneer परोसने वाले ठाणे के होटल को राहत देने से किया इनकार

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी खाद्य उत्पाद या व्यंजन की तैयारी में एनालॉग/गैर-डेयरी पनीर का इस्तेमाल, भंडारण, आपूर्ति या बिक्री नहीं करें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़