Lion Brewery बीयर: ब्रिटेन की लॉयन ब्रूअरी ने 60 साल बाद भारतीय बाजार में की वापसी

Lion Brewery
AI Image

ब्रिटेन की लॉयन ब्रूअरी कंपनी ने छह दशक से अधिक समय बाद भारत में फिर से कदम रखते हुए दिल्ली में अपनी प्रीमियम बीयर पोर्टफोलियो की शुरुआत की है। कंपनी ने भारत में आयात और वितरण के लिए कॉपरड्रॉप स्पिरिट्स के साथ विशेष साझेदारी की है।

नयी दिल्ली, दो अगस्त ब्रिटेन की प्रसिद्ध कंपनी लॉयन ब्रूअरी कंपनी ने छह दशक से अधिक समय बाद भारत में फिर से कदम रखते हुए दिल्ली में अपनी प्रीमियम बीयर पोर्टफोलियो की शुरुआत की है। कंपनी ने देश के तेजी से बढ़ते प्रीमियम बीयर बाजार को ध्यान में रखते हुए यहां कदम रखा है। लॉयन ब्रूअरी ने भारत में आयात और वितरण के लिए कॉपरड्रॉप स्पिरिट्स के साथ विशेष साझेदारी की है।

अगले चरण में हरियाणा और उत्तर प्रदेश में इसके विस्तार की योजना है। लंदन में लॉयन ब्रूअरी की स्थापना वर्ष 1836 में हुई थी। कंपनी ने कहा कि उसका भारत से ऐतिहासिक संबंध रहा है।

यह उन शुरुआती कंपनियों में शामिल थी, जिन्होंने आईपीए नामक बीयर शैली का उत्पादन और भारत के लिए निर्यात किया था। लॉयन ब्रूअरी के प्रबंध निदेशक विल जूलियस ने कहा कि भारत उनके लिए केवल नया बाजार नहीं, बल्कि कंपनी की कहानी का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रीमियम बीयर खंड में तेजी से हो रही वृद्धि के बीच भारत में वापसी करना बेहद उत्साहजनक है।

कंपनी ने फिलहाल भारत में आइलैंड लेगर और पेल ऐले नाम की बीयर 330 मिलीलीटर बोतल में पेश की है, जो अभी दिल्ली में उपलब्ध हैं। भारत के बीयर बाजार में प्रीमियम उत्पादों की मांग बढ़ रही है। वर्ष 2023 में कुल बीयर बाजार अनुमानित 4.5 अरब डॉलर था।

आईएमएआरसी ग्रुप के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस बाजार के 2028 तक सालाना आठ से 10 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। इसमें कहा गया है कि प्रीमियम बाजार ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़