नेपाल में Surya Food के Priyagold बिस्कुट पर लगा प्रतिबंध, घटिया गुणवत्ता का आरोप

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

काठमांडू में खाद्य नियामक ने भारतीय कंपनी सूर्या फूड एंड एग्रो के प्रियागोल्ड बिस्कुट के आयात, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह रोक लगा दी है। एफएसएसएआई द्वारा पशु आहार वाले चोकर के इस्तेमाल पर कंपनी का लाइसेंस निलंबित करने के बाद यह कदम उठाया गया।

नेपाल के अधिकारियों ने भारतीय कंपनी सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड के प्रियागोल्ड बिस्कुट के आयात, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया है। नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने सोमवार को जारी एक नोटिस में भारत की सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड के प्रियागोल्ड बिस्कुट को घटिया गुणवत्ता वाला बताते हुए उसके आयात, बिक्री एवं वितरण पर रोक लगा दी। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने प्रियागोल्ड बिस्कुट बनाने में पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले चोकर का उपयोग करने और अन्य गंभीर उल्लंघनों के मामले में सूर्या फूड एंड एग्रो के खिलाफ अभियोजन के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

एफएसएसएआई ने कहा कि सूर्या फूड एंड एग्रो के निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता में गंभीर खामियां पाई गईं। नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने एफएसएसएआई की ओर से जारी नोटिस के आधार पर प्रियागोल्ड बिस्कुट के आयात एवं बिक्री पर रोक लगाई है। एफएसएसएआई ने सूर्या फूड एंड एग्रो का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है।

नोटिस में कहा गया कि विभाग के महानिदेशक संजीव कुमार कर्ण ने ऑनलाइन माध्यम से आपात बैठक की। इसमें मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा और उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रियागोल्ड बिस्कुट पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने संबंधित सभी निकायों, कारोबारियों और उपभोक्ताओं से आगे से इन बिस्कुट का आयात नहीं करने और उनकी बिक्री तथा वितरण रोकने का आग्रह किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़