उत्तरी England की 10 प्रतिशत फर्म्स 2026 तक भारत में करेंगी कारोबार, ट्रेड सर्वे में खुलासा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मैनचेस्टर एयरपोर्ट ग्रुप और नॉर्दर्न पावरहाउस पार्टनरशिप के ताजा यूके ट्रेड बैरोमीटर सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। अक्टूबर में उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के भारत दौरे के बाद भारतीय बाजार में प्रवेश की इच्छुक कंपनियों की संख्या में दस गुना उछाल दर्ज हुआ है। ब्रिटिश व्यापार सचिव जोनाथन रेनॉल्ड्स ने कहा कि ऐतिहासिक द्विपक्षीय व्यापार समझौते का मकसद दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक संबंधों को मजबूती देना है।

(अदिति खन्ना) लंदन, 25 नवंबर उत्तरी इंग्लैंड की भारत में पहली बार कारोबार शुरू करने की इच्छुक कंपनियों की संख्या एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के भारत दौरे के बाद 10 गुना बढ़ गई है। एक ताजा सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। ब्रिटेन के प्रमुख हवाईअड्डा समूहों में से एक मैनचेस्टर एयरपोर्ट ग्रुप (एमएजी) और नॉर्दर्न पावरहाउस पार्टनरशिप ने हाल ही में ‘यूके ट्रेड बैरोमीटर सर्वेक्षण जारी किया।

इसके तहत हर तिमाही 2,000 कंपनियों के पिछले तीन महीनों के कारोबार और अगली तिमाही की संभावनाओं के बारे में सर्वेक्षण किया जाता है। सर्वेक्षण के ताजा नतीजों के मुताबिक, उत्तरी इंग्लैंड की 10 प्रतिशत निर्यातक कंपनियों को उम्मीद है कि वे 2026 की चौथी तिमाही में पहली बार भारत को अपना सामान बेचेंगी। पिछली तिमाही में ऐसी कंपनियों की संख्या एक प्रतिशत से भी कम थी।

ब्रिटेन के व्यापार सचिव जोनाथन रेनॉल्ड्स ने कहा, हमने भारत के साथ ऐतिहासिक व्यापार समझौता इसी उद्देश्य से किया है कि पूरे ब्रिटेन की कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार कर सकें, नए ग्राहक बना सकें और देश के हर क्षेत्र में आर्थिक वृद्धि को गति दे सकें। उनके व्यापार, नवाचार, विज्ञान और व्यापार विभाग (डीबीआईएसटी) ने पिछले महीने भारत आए व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के दौरे को समर्थन दिया था। उन्होंने कहा, हाल ही में हुए ग्रेट नॉर्थ व्यापारिक दौरे से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक भारत के साथ हमारे संबंध और मजबूत हुए हैं।

अधिक कंपनियों को इससे प्रेरणा लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उत्तरी इंग्लैंड के विभिन्न क्षेत्रों के निर्वाचित मेयर के नेतृत्व में 200 से अधिक कंपनियों, विश्वविद्यालयों और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे। यह प्रतिनिधिमंडल अक्टूबर की शुरुआत में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता गया था।

किम मैकगिनीज ने कहा, जब उत्तरी इंग्लैंड के मेयर भारत के अपने पहले संयुक्त व्यापारिक दौरे का नेतृत्व करने के लिए एक साथ आए, तो हमारा उद्देश्य स्पष्ट था। हम अपनी कंपनियों के लिए नए अवसर खोलना, निवेश आकर्षित करना और अपने समुदायों के लिए बेहतर रोजगार एवं अवसर पैदा करना चाहते थे। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नॉर्थ ईस्ट की मेयर और ‘द ग्रेट नॉर्थ’ की अध्यक्ष किम मैकगिनीज ने किया।

इसमें ग्रेटर मैनचेस्टर की मेयर बेव क्रेग, लिवरपूल सिटी रीजन के मेयर स्टीव रोदरम, वेस्ट यॉर्कशायर की मेयर ट्रेसी ब्रेबिन, साउथ यॉर्कशायर के मेयर ओलिवर कॉपर्ड, यॉर्क और नॉर्थ यॉर्कशायर के मेयर डेविड स्कैथ, हल और ईस्ट यॉर्कशायर के मेयर ल्यूक कैंपबेल तथा चेशायर और वॉरिंगटन संयुक्त प्राधिकरण की अध्यक्ष पार्षद लुईस गिटिन्स शामिल थीं। किम मैकगिनीज ने कहा, कुछ ही सप्ताह बाद यह देखना उत्साहजनक है कि भारतीय बाजार में प्रवेश करने की महत्वाकांक्षा के मामले में उत्तरी इंग्लैंड की कंपनियां देश में सबसे आगे हैं। सर्वेक्षण के नतीजों के मुताबिक, इस दौरे से अच्छी खासी संख्या में रोजगार सृजन हुआ।

दिसंबर के अंत तक की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उत्तरी इंग्लैंड की हर पांच में से एक कंपनी ने कहा कि उसे मौजूदा विदेशी बाजारों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है, जबकि 14 प्रतिशत कंपनियों को नए बाजार में प्रवेश करने की आशा है। मौजूदा बाजारों में वृद्धि की उम्मीद करने वाली कंपनियों में सबसे अधिक 57 प्रतिशत ने अमेरिका और 21 प्रतिशत ने चीन का नाम लिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़