OpenAI भारतीय शोधकर्ताओं को एक साल तक ChatGPT Plus देगी मुफ्त

कृत्रिम मेधा कंपनी ओपनएआई ने विज्ञान, गणित और इंजीनियरिंग के चुनिंदा भारतीय शोधकर्ताओं के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। वैश्विक स्तर पर पचास हजार नए अनुदान दिए जाएंगे, जिसके लिए तीस नवंबर से पहले आओ, पहले पाओ के तहत आवेदन लिए जाएंगे। प्रत्येक अनुदान के जरिए एक मुख्य शोधकर्ता और उनके दो सहयोगियों को बारह महीने तक यह सुविधा उपलब्ध होगी।
कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र की कंपनी ओपनएआई ने मंगलवार को भारत में ‘चैटजीपीटी फॉर एकेडमिक रिसर्चर्स’ पहल शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत चुनिंदा संस्थानों के पात्र शोध संकाय सदस्यों और पोस्ट-डॉक्टोरल शोधकर्ताओं को विज्ञान, गणित और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में 12 महीने के लिए चैटजीपीटी प्लस की सुविधा मुफ्त मिलेगी। अमेरिका कंपनी ने बयान में कहा कि इस पहल के तहत वैश्विक स्तर पर 50,000 नए अनुदान दिए जाएंगे।
इसके लिए आवेदन 30 नवंबर से शुरू होंगे और चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। प्रत्येक अनुदान के तहत शोध कार्य के लिए बनाए गए एक कार्यक्षेत्र में चैटजीपीटी प्लस के तीन उपयोगकर्ताओं को सुविधा मिलेगी। इसमें अनुदान पाने वाले शोधकर्ता के अलावा उनके दो सहयोगी भी शामिल हो सकेंगे।
कंपनी ने कहा कि उसका लक्ष्य दुनिया भर में दो लाख तक शोधकर्ताओं को मुफ्त चैटजीपीटी की सुविधा देना है। यह जुलाई में इस प्रायोगिक पहल की शुरुआत के समय घोषित लक्ष्य से दोगुना है। भारत और एशिया प्रशांत क्षेत्र में ओपनएआई के शिक्षा प्रमुख राघव गुप्ता ने कहा कि कुछ महीने पहले प्रायोगिक पहल शुरू होने के बाद से भारतीय संस्थानों ने इस सुविधा में काफी अधिक रुचि दिखाई है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कंपनी का काम प्रौद्योगिकी तक पहुंच के साथ कौशल विकास, संस्थागत साझेदारी और शोध को जोड़ने पर केंद्रित रहा है। यह पहल भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। कंपनी के मुताबिक, शोधकर्ता चैटजीपीटी का इस्तेमाल वैज्ञानिक शोध सामग्री की समीक्षा करने, परिकल्पनाएं तैयार करने और उनकी जांच करने, आंकड़ों का विश्लेषण करने, शोध संबंधी कोड लिखने और उसकी त्रुटियां दूर करने के साथ ही अनुदान आवेदन तथा शोधपत्रों को तैयार करने में कर सकते हैं।
भारत में ओपनएआई इससे पहले भी कई पहल कर चुकी है। इनमें ‘ओपनएआई लर्निंग एक्सेलरेटर’ शामिल है, जिसका उद्देश्य एआई तक पहुंच, प्रशिक्षण और शोध को बढ़ावा देना है। इस पहल के तहत कंपनी ने आईआईटी मद्रास के साथ शोध सहयोग किया है, जिसके लिए पांच लाख डॉलर की सहायता दी गई है।
अन्य न्यूज़













