ReNew आंध्र प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट्स पर 29,500 करोड़ रुपये खर्च करेगी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी रिन्यू ने आंध्र प्रदेश में दो स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 29,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की सैद्धांतिक सहमति दी है। विशाखापत्तनम में आयोजित सीआईआई साझेदारी सम्मेलन के दौरान राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश और कंपनी के सीईओ सुमंत सिन्हा की बैठक में यह घोषणा हुई। इस राशि से पंप्ड स्टोरेज और हरित अमोनिया व ई-ईंधन परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।

नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी रिन्यू ने आंध्र प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी दो परियोजनाओं में 29,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की सैद्धांतिक प्रतिबद्धता जताई है। सीआईआई साझेदारी सम्मेलन से इतर आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश और रिन्यू के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुमंत सिन्हा के बीच बृहस्पतिवार को यहां हुई बैठक के दौरान यह घोषणा की गई। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘रिन्यू ने दो प्रमुख परियोजनाओं के जरिये आंध्र प्रदेश में 29,500 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।

इनमें दो गीगावाट की पंप्ड स्टोरेज परियोजना और हरित अमोनिया एवं ई-ईंधन परियोजना शामिल हैं।’’ प्रस्तावित निवेश में दो गीगावाट की पंप्ड स्टोरेज परियोजना के लिए 12,500 करोड़ रुपये और हरित अमोनिया एवं ई-ईंधन परियोजना के लिए 17,000 करोड़ रुपये शामिल हैं। लोकेश ने रिन्यू को उसकी 11,000 करोड़ रुपये की पॉलीसिलिकॉन और धातुकर्म-ग्रेड सिलिकॉन परियोजना के लिए बधाई भी दी। उन्होंने कंपनी को आईआईटी तिरुपति और न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय (यूएनएसडब्ल्यू) द्वारा स्थापित किए जा रहे सौर सेल प्रोटोटाइप केंद्र के साथ सहयोग करने के लिए आमंत्रित किया।

गौरतलब है कि 31वां सीआईआई साझेदारी सम्मेलन 12 और 13 नवंबर को विशाखापत्तनम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें करीब 58 देशों के प्रतिनिधि निवेश के अवसरों और वैश्विक साझेदारियों की संभावनाएं तलाशने के लिए शामिल होंगे। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) और आंध्र प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में 11 लाख करोड़ रुपये तक का निवेश आने और 2.5 लाख रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़