Tripura के Rubber Mission 2.0 विस्तार की मांग केंद्र के सामने उठाएगा रबर बोर्ड

Tripura के Rubber Mission 2.0 विस्तार की मांग केंद्र के सामने उठाएगा रबर बोर्ड
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

रबर बोर्ड के चेयरमैन एन हरि ने त्रिपुरा सरकार को भरोसा दिया है कि वह मुख्यमंत्री रबर मिशन के दो साल के विस्तार का प्रस्ताव केंद्रीय वाणिज्य मंत्री के समक्ष रखेंगे। पूर्वोत्तर राज्य में आदिवासी किसानों के बढ़ते रुझान को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।

रबर बोर्ड के चेयरमैन एन हरि ने त्रिपुरा सरकार को आश्वासन दिया है कि वह मुख्यमंत्री रबर मिशन के विस्तार के प्रस्ताव को केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे। राज्य के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। रबर बोर्ड के सहयोग से वित्त वर्ष 2015-16 में शुरू की गई इस एकीकृत परियोजना के तहत इस पूर्वोत्तर राज्य में करीब 70,000 हेक्टेयर रकबे में रबर की खेती की जा रही है।

अधिकारी ने कहा कि इस परियोजना ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य सरकार इस योजना को दो साल का विस्तार देने की मांग कर रही है। इसके दूसरे चरण को मुख्यमंत्री रबर मिशन 2.0 नाम दिया गया है।

खासकर आदिवासी समुदायों के बीच रबर की खेती की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार इसका विस्तार चाहती है। जनजातीय कल्याण विभाग के अतिरिक्त सचिव शुभाशीष दास ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘रबर की खेती को लेकर विशेषकर आदिवासी समुदायों में बढ़ते आकर्षण को देखते हुए सरकार मुख्यमंत्री रबर मिशन 2.0 को दो साल का और विस्तार दिलाने का प्रयास कर रही है। जनजातीय कल्याण मंत्री विकास देववर्मा और मुख्य सचिव जे के सिन्हा ने भी इस संबंध में केंद्र को पत्र लिखा है।’’ दास ने बताया कि हाल के त्रिपुरा दौरे के दौरान यह मुद्दा उनके समक्ष उठाया गया था।

राज्य सरकार ने उन्हें परियोजना की उपलब्धियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत रबर प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए 42 एकीकृत रबर प्रसंस्करण केंद्र और 36 स्मोक हाउस स्थापित किए गए हैं। दास ने कहा, ‘‘रबर बोर्ड के अध्यक्ष ने हमें आश्वासन दिया है कि वह इस मांग को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष उठाएंगे।

उन्होंने मूल्य संवर्धन पर अधिक जोर देने सहित रबर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कुछ विशेष सुझाव भी दिए हैं।’’ उन्होंने बताया कि हरि ने रबर की लकड़ी से फर्नीचर का उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य के रबर प्रसंस्करण कारखाने का विस्तार करने की जरूरत पर भी जोर दिया। रबर की लकड़ी से बने फर्नीचर की घरेलू बाजार में अच्छी मांग है। त्रिपुरा वन विकास निगम (टीएफडीसी) पश्चिमी त्रिपुरा के आनंदनगर में राज्य का एकमात्र रबर लकड़ी कारखाना संचालित करता है।

दास ने कहा, ‘‘केरल के बाद त्रिपुरा देश का दूसरा सबसे बड़ा रबर उत्पादक राज्य है, लेकिन यहां अब भी मुख्य रूप से ग्रेड-3 और ग्रेड-4 की रबर शीट का उत्पादन होता है।’’ उन्होंने कहा कि रबर बोर्ड के अध्यक्ष ने रबर शीट की गुणवत्ता में सुधार कर उसे ग्रेड-1 और ग्रेड-2 तक पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को बेहतर कीमत मिल सके और कारोबार में बिचौलियों का प्रभाव कम हो।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़