Rupee शुरुआती कारोबार में 7 पैसे कमजोर होकर 95.40 प्रति US Dollar पर आ गया

मुंबई के अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा नरमी के साथ खुली। कारोबारियों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव से निवेशकों की धारणा पर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट का असर भी मुद्रा बाजार पर देखा गया।
रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर 95.40 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि निवेशकों की धारणा अब भी कमजोर बनी हुई है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा है। ईरान ने 2029 तक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखने की चेतावनी दी है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज पर अमेरिका का नियंत्रण है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.40 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की गिरावट है। रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.33 पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 100.01 पर रहा।
इसे भी पढ़ें: US Dollar के मुकाबले 3 पैसे मजबूत होकर 95.33 पर बंद हुआ रुपया, वैश्विक बाजारों से मिला सहारा
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 152.97 अंक टूटकर 77,813.38 अंक पर जबकि निफ्टी 84.80 अंक की गिरावट के साथ 24,351.15 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 87.89 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,002.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
अन्य न्यूज़














