US Dollar के मुकाबले रुपया 18 पैसे सुधरकर 95.78 के स्तर पर बंद हुआ

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को भारतीय मुद्रा 18 पैसे की मजबूती के साथ 95.78 प्रति डॉलर पर बंद हुई। कच्चे तेल की गिरती कीमतों और अमेरिका तथा ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत की उम्मीद ने बाजार की धारणा को बेहतर किया। घरेलू शेयर बाजार में आई तेजी ने भी रुपये की बढ़त को सहारा दिया।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक स्तर पर जोखिम लेने की धारणा में सुधार के बीच अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को 18 पैसे मजबूत होकर 95.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बाजार में अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत की उम्मीद से भी कारोबारी धारणा बेहतर हुई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत की उम्मीद से रुपया मजबूत हुआ।
घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल में नरमी ने भी रुपये को समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.86 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह मजबूत होकर 95.72 प्रति डॉलर के दिन के उच्च स्तर तक पहुंच गया।
कारोबार के अंत में रुपया 95.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 18 पैसे की बढ़त है। रुपया शुक्रवार को सात पैसे कमजोर होकर 95.96 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ऊंचे स्तर से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका तथा ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत की उम्मीद से वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार के बीच हमें रुपये में मामूली मजबूती की उम्मीद है।’’ उन्होंने कहा कि हालांकि, ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी ड्रोन को मार गिराए जाने की खबर से जोखिम धारणा फिर कमजोर हो सकती है।
सऊदी अरब से आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद भी कच्चे तेल की कीमतों पर असर डाल सकती है, जो रुपये के लिए सकारात्मक हो सकता है। चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.55 से 96.05 के दायरे में रहने के आसार हैं। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़कर 100.32 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.71 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर था। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 564.03 अंक बढ़कर 74,858.99 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 67.90 अंक की बढ़त के साथ 23,414.30 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे।
उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 576.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 11 सितंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.92 अरब डॉलर घटकर 780.78 अरब डॉलर रह गया। यह गिरावट विदेशी मुद्रा और स्वर्ण भंडार में कमी के कारण आई।
अन्य न्यूज़













