एससी एग्रोटेक के AgriBridge प्लेटफॉर्म को अमेरिकी फर्म WCG से मिला 60 करोड़ का प्रस्ताव

विविध कारोबार से जुड़ी कंपनी एससी एग्रोटेक लिमिटेड को अपने डिजिटल कृषि मंच के विस्तार के लिए अमेरिकी कंपनी वेबकोडजिनी से 60 करोड़ रुपये का रणनीतिक निवेश प्रस्ताव मिला है। इस योजना के तहत अलग इकाई बनाकर 25 प्रतिशत हिस्सेदारी दी जाएगी और शेष राशि से वैश्विक बाजारों में उत्पाद विकास किया जाएगा।
विविध कारोबार से जुड़ी कंपनी एससी एग्रोटेक लिमिटेड को अपने डिजिटल कृषि मंच ‘एग्रीब्रिज’ के लिए अमेरिका की कंपनी वेबकोडजिनी (डब्ल्यूसीजी) से 60 करोड़ रुपये के प्रस्तावित रणनीतिक निवेश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार बढ़ाने की साझेदारी के संबंध में गैर-बाध्यकारी आशय पत्र मिला है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 17 नवंबर के आशय पत्र के अनुसार, डब्ल्यूसीजी एग्रीब्रिज के लिए गठित एक अलग इकाई में 20 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके बदले उसे इस इकाई में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत हिस्सेदारी एससी एग्रोटेक के पास रहेगी।
इसके अलावा, अमेरिकी कंपनी ने उत्पाद विकास और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार के लिए 48 महीने की योजना का प्रस्ताव दिया है। इस पर 40 करोड़ रुपये तक खर्च किए जाएंगे। इस राशि में से 12 करोड़ रुपये उत्पाद विकास, कृत्रिम मेधा (एआई) और स्थानीय बाजारों की जरूरतों के मुताबिक बदलाव पर खर्च किए जाएंगे।
अमेरिका और कनाडा के बाजारों में विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, अफ्रीका के लिए आठ करोड़ रुपये और दक्षिण अमेरिका के लिए छह करोड़ रुपये रखे गए हैं। शेष चार करोड़ रुपये नियामकीय अनुपालन, बुनियादी ढांचे और परिचालन पर खर्च किए जाएंगे। प्रस्ताव के तहत डब्ल्यूसीजी अमेरिका, कनाडा, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका में 10 साल के लिए एग्रीब्रिजट के विशेष व्यावसायिक अधिकार भी चाहती है।
इनमें मंच का विपणन, वितरण, लाइसेंस देना और नए ग्राहक जोड़ना शामिल है। इन देशों में कारोबार से मिलने वाले पात्र शुद्ध राजस्व पर 20 प्रतिशत वितरण शुल्क लेने का भी प्रस्ताव है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत डब्ल्यूसीजी को कंपनी के निदेशक मंडल में एक सीट देने की बात भी कही गई है।
इसके अलावा, उसे लेखा-परीक्षा और भविष्य में हिस्सेदारी खरीदने से जुड़े कुछ अधिकार देने तथा हिस्सेदारी में कमी और बौद्धिक संपदा के हस्तांतरण के मामलों में सुरक्षा देने का प्रस्ताव है। एससी एग्रोटेक के प्रबंध निदेशक प्रतीककुमार भरतभाई पटेल ने कहा, एग्रीब्रिज के विकास के अगले चरण में वेबकोडजिनी के साथ प्रस्तावित साझेदारी से इसकी प्रौद्योगिकी क्षमताओं को मजबूत करने और भारत के बाहर के बाजारों में कारोबार के अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।
अन्य न्यूज़













