धीमी ओवर गति: New Zealand के खिलाफ पांचवें ODI में Team India पर 35 प्रतिशत मैच फीस जुर्माना

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

माउंट मोनगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें एकदिवसीय मुकाबले में समय पर पूरे ओवर न फेंकने के कारण भारतीय क्रिकेट टीम पर मैच फीस का 35 प्रतिशत जुर्माना लगा है। मैच रेफरी रंजन मदुगले ने पाया कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम निर्धारित समय से सात ओवर पीछे रह गई थी। कप्तान द्वारा गलती स्वीकार किए जाने के बाद मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

भारत पर 15 नवंबर को माउंट मोनगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में धीमी ओवर गति के लिए बुधवार को मैच फीस का 35 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी रंजन मदुगले ने यह जुर्माना लगाया। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम निर्धारित समय में लक्ष्य से सात ओवर पीछे पाई गई थी।

भारत ने हालांकि पांचवां एकदिवसीय जीतकर शृंखला 3-1 से अपने नाम की थी। आईसीसी की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आचार संहिता के नियम 2.22 के तहत न्यूनतम ओवर गति से संबंधित उल्लंघन के लिए निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इस मामले में जुर्माने की अधिकतम सीमा मैच फीस का 50 प्रतिशत है।

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘अय्यर ने अपनी गलती और प्रस्तावित जुर्माना स्वीकार कर लिया इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।’’ मैदानी अंपायर पॉल रीफेल और वेन नाइट्स, तीसरे अंपायर कुमार धर्मसेना तथा चौथे अंपायर क्रिस ब्राउन ने भारतीय टीम की धीमी ओवर गति के लिए शिकायत की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़