शेयर बाजार में तेजी जारी, बीएसई सेंसेक्स 83 अंक और चढ़ा

प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क । Nov 22 2017 5:14PM
लिवाली समर्थन के चलते बंबई शेयर बाजार में तेजी आज पांचवें दिन भी जारी रही जहां सेंसेक्स 83 अंक और चढ़कर दो सप्ताह के उच्चतम स्तर 33,561.55 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई। लिवाली समर्थन के चलते बंबई शेयर बाजार में तेजी आज पांचवें दिन भी जारी रही जहां सेंसेक्स 83 अंक और चढ़कर दो सप्ताह के उच्चतम स्तर 33,561.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबारियों का कहना है कि बुनियादी ढांचा, पीएसयू व वाहन खंड के शेयरों में विशेष आकर्षण दिखा। बीएसई का तीस शेयर आधारित सेंसेक्स सुबह 33,569.07 अंक पर ऊंचा खुला। कारोबार के दौरान 33,654.53 और 33,465.23 अंक के दायरे में रहने के बाद यह अंतत: 33,561.55 अंक पर बंद हुआ।
यह मंगलवार की तुलना में 83.20 अंक की तेजी दिखाता है। इससे पहले छह नवंबर को सेंसेक्स 33,761.19 अंक पर बंद हुआ था। बीते चार सत्रों में सेंसेक्स 717.91 अंक मजबूत हुआ है। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 15.40 अंक की तेजी दिखाता हुआ 10,342.30 अंक पर बंद हुआ।
Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
अन्य न्यूज़