Tata Sons Board Meeting अब 30 नवंबर को, Noel Tata की आपत्ति के बाद बदला समय

टाटा संस ने शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की योजना पर चर्चा के लिए बुलाई गई निदेशक मंडल की बैठक को 26 नवंबर से टालकर 30 नवंबर कर दिया है। टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने नियमों के तहत अनिवार्य सात दिन का नोटिस न दिए जाने पर पत्र लिखकर चिंता जताई थी। बैठक के एजेंडे में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसमें आरबीआई के निर्देशों समेत कई अहम मुद्दों पर बात होगी।
टाटा संस ने सोमवार को अपने निदेशक मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक की तारीख को चार दिन आगे बढ़ाकर 30 नवंबर कर दिया। इस बैठक में देश के सबसे बड़े औद्योगिक समूह की होल्डिंग कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने के लिए आगे की योजना पर चर्चा होनी थी। टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने रविवार को एक पत्र लिखकर चिंता जताई थी कि बैठक का एजेंडा केवल चार दिन पहले जारी किया गया, जिससे निदेशक मंडल की बैठक के लिए अनिवार्य सात दिन की नोटिस अवधि का पालन नहीं हुआ।
इसके बाद बैठक को टालना जरूरी हो गया था। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार बैठक के एजेंडे में कोई बदलाव नहीं किया गया है और सभी निदेशकों को बैठक की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के मकसद से केवल इसकी तारीख को पहले के 26 नवंबर से आगे बढ़ाकर 30 नवंबर किया गया है। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में टाटा संस को सूचीबद्ध कराने के भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के निर्देश सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
समूह की आगे की दिशा को लेकर शीर्ष नेतृत्व के बीच मतभेद 17 सितंबर को हुई टाटा संस के निदेशक मंडल की पिछली बैठक में खुलकर सामने आ गए थे। उस बैठक में एन चंद्रशेखरन को फिर से चेयरमैन नियुक्त करने और आरबीआई के आदेश का पालन करने के तरीकों पर विचार करने का फैसला किया गया था। कंपनी की सबसे बड़ी शेयरधारक टाटा ट्रस्ट की अध्यक्षता करने वाले नोएल दोनों प्रस्तावों के खिलाफ मतदान करने वाले एकमात्र निदेशक थे।
ट्रस्ट के एक अन्य नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने भी बहुमत के साथ मतदान किया था। आरबीआई ने 16 नवंबर को टाटा संस के शीर्ष प्रबंधन को पत्र लिखकर साफ किया था कि कंपनी को सूचीबद्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी और इस संबंध में दिशानिर्देश भी दिए थे। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि 30 नवंबर की निदेशक मंडल बैठक के एजेंडे में शामिल अन्य विषयों में टाटा समूह के बैटरी कारोबार अग्रतास पर एक प्रस्तुति और एसपी समूह का हाल का पत्र भी शामिल होगा।
अन्य न्यूज़














