Tata Steel भारत में क्षमता बढ़ाकर करेगी पांच करोड़ टन, CEO TV Narendran ने बताया प्लान

टाटा स्टील के सीईओ टीवी नरेंद्रन ने जमशेदपुर में बताया कि कंपनी अगले दस वर्षों में घरेलू इस्पात उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 5 करोड़ टन करने की तैयारी में है। कंपनी की मौजूदा सालाना उत्पादन क्षमता करीब 2.7 करोड़ टन है, जिसे मौजूदा संयंत्रों के विस्तार और महाराष्ट्र में नए संयंत्र की संभावनाओं से बढ़ाया जाएगा। घरेलू मांग को देखते हुए कंपनी अपने सालाना पूंजीगत व्यय का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा भारत में ही निवेश करेगी।
(फाइल फोटो के साथ) (नमिता तिवारी) जमशेदपुर, 17 नवंबर टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टीवी नरेंद्रन ने कहा कि कंपनी अगले दशक में भारत में अपनी सालाना इस्पात उत्पादन की क्षमता को बढ़ाकर पांच करोड़ टन करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। कंपनी देश में इस्पात की बढ़ती मांग का लाभ उठाने के लिए महाराष्ट्र में 1.5 करोड़ टन क्षमता वाला नया संयंत्र लगाने की संभावना भी तलाश रही है। कंपनी की मौजूदा सालाना उत्पादन क्षमता करीब 2.7 करोड़ टन है।
उसका मानना है कि उसके मौजूदा विनिर्माण संयंत्रों में ही क्षमता को बढ़ाकर पांच करोड़ टन किया जा सकता है। वहीं, जारी परियोजनाओं के अलावा महाराष्ट्र भी वृद्धि का एक प्रमुख केंद्र बन सकता है। नरेंद्रन ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमारे पास चार करोड़ टन क्षमता तक पहुंचने का खाका है।
हमें यह भी पता है कि मौजूदा संयंत्रों की क्षमता पांच करोड़ टन तक बढ़ाई जा सकती है, इसलिए यह स्पष्ट है। इसका रास्ता साफ है। हमें तय करना है कि हम कितनी तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम पांच और 10 साल आगे की सोच रहे हैं।
हम तेजी से वृद्धि कैसे कर सकते हैं, इसके लिए रास्ता कैसे तैयार करें? ऐसा नहीं है कि हम रातोंरात 2.7 करोड़ टन से बढ़कर छह या सात करोड़ टन पर पहुंच जाएंगे।’’ विस्तार की ये योजनाएं टाटा समूह की इस प्रमुख इस्पात कंपनी के लिए भारत के बढ़ते महत्व को दर्शाती हैं। पिछले 15 वर्षों में कंपनी के राजस्व में भारत का योगदान काफी बढ़ा है।
नरेंद्रन ने कहा, ‘‘15 साल पहले हमारे राजस्व में भारत की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत थी। आज यह 70 प्रतिशत है।’’ कंपनी अपने सालाना पूंजीगत व्यय का बड़ा हिस्सा भारत में लगाना जारी रखेगी। यूरोप में इस्पात की खपत लगभग स्थिर रहने के बीच भारत उसके लिए वृद्धि का प्रमुख बाजार बनकर उभरा है।
टाटा स्टील इस साल पूंजीगत व्यय पर करीब 18,000-20,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रही है, जिसमें से लगभग 75 प्रतिशत निवेश देश में किया जाएगा। नरेंद्रन ने कहा, ‘‘वृद्धि के लिए हम हर साल जितनी पूंजी खर्च करते हैं, उसका अधिकतर हिस्सा भारत में ही आवंटित किया जाता रहेगा।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ बातचीत पूरी होने और जरूरी जमीन मिलने के बाद महाराष्ट्र कंपनी के विस्तार का अगला प्रमुख केंद्र बन सकता है। राज्य सरकार इस्पात कंपनियों को विनिर्माण संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
गढ़चिरौली बड़े पैमाने की परियोजना के लिए संभावित स्थान के रूप में उभर रहा है। नरेंद्रन ने हालांकि कहा कि अपनी उत्पादन क्षमता विस्तार के लक्ष्य हासिल करने के लिए टाटा स्टील किसी एक नए संयंत्र के स्थान पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर, कलिंगानगर, मेरामंडली और नीलाचल इस्पात निगम में कंपनी के मौजूदा संयंत्रों में वृद्धि के कई अवसर उपलब्ध हैं।
नरेंद्रन ने कहा कि पहले की तुलना में अब कंपनी के पास अलग-अलग उत्पादन प्रौद्योगिकियों और विनिर्माण स्थलों के जरिये विस्तार करने की अधिक गुंजाइश है। पहले उसके विस्तार के विकल्प सीमित थे। टाटा स्टील भविष्य में विस्तार के लिए इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस और पुनर्चक्रण आधारित उत्पादन सहित इस्पात निर्माण की विभिन्न प्रौद्योगिकियों का भी मूल्यांकन कर रही है।
नरेंद्रन ने हालांकि आगाह किया कि 2.7 करोड़ टन से बढ़कर पांच करोड़ टन या इससे अधिक क्षमता तक पहुंचने के लिए बड़े निवेश और सावधानीपूर्वक चरणबद्ध योजना की जरूरत होगी। करीब 50 लाख टन क्षमता वाला नया इस्पात संयंत्र बनाने में आमतौर पर तीन से चार साल लगते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी भारत में सालाना करीब 15,000-16,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय करती है।
अपनी विस्तार योजनाओं को जारी रखने के लिए उसे मजबूत लाभप्रदता, नकदी प्रवाह और बेहतर बही-खाते बनाए रखना चाहिए।
अन्य न्यूज़














