UPL के फसल संरक्षण कारोबार की कमान Jay Shroff को मिली

कृषि रसायन कंपनी UPL लिमिटेड ने Mike Frank के इस्तीफे के बाद समूह के चेयरमैन एवं सीईओ जय श्रॉफ को वैश्विक फसल संरक्षण कारोबार की जिम्मेदारी सौंप दी है। फ्रैंक का इस्तीफा 31 अगस्त से प्रभावी होगा और वह अमेरिका में बसने की योजना बना रहे हैं।
नयी दिल्ली, चार अगस्त कृषि रसायन कंपनी यूपीएल लिमिटेड ने यूपीएल कॉरपोरेशन लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) माइक फ्रैंक के इस्तीफे के बाद समूह के चेयरमैन एवं सीईओ जय श्रॉफ को वैश्विक फसल संरक्षण कारोबार की जिम्मेदारी सौंप दी है। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि फ्रैंक का इस्तीफा 31 अगस्त से प्रभावी होगा। वह अमेरिका में बसने की योजना बना रहे हैं।
फ्रैंक के इस्तीफे के बाद यूपीएल ने नई नेतृत्व संरचना की घोषणा की है, जिसके तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को वैश्विक स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समीर टंडन को एशिया-प्रशांत, अफ्रीका और यूरोप का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है जबकि आशीष डोभाल को उत्तर अमेरिका और दक्षिण अमेरिका महाद्वीप क्षेत्र का अध्यक्ष बनाया गया है। यूपीएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ नई नेतृत्व संरचना कंपनी की रणनीतिक दिशा में निरंतरता बनाए रखने के साथ-साथ निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेज लाएगी और प्रमुख बाजारों में क्रियान्वयन को मजबूत करेगी।
यह कंपनी को अधिक सरल और चुस्त संगठन बनाने के उद्देश्य के अनुरूप है।’’ टंडन को उपभोक्ता वस्तु एवं फसल संरक्षण क्षेत्रों का 26 साल से अधिक का अनुभव है। वहीं डोभाल को एशिया, यूरोप और पश्चिम एशिया के कृषि बाजारों में 23 वर्ष से अधिक का अनुभव है।
अन्य न्यूज़













