डेढ़ सौ साल पुरानी कांग्रेस अप्रासंगिक नहीं हो सकती

डेढ़ सौ साल पुराना संगठन, जिसमें आस्था रखने वाले सदस्य सुदूर गांवों में फैले हैं, अप्रासंगिक नहीं हो सकता। कांग्रेस ने आजादी के आंदोलन का नेतृत्व किया और पांच दशक तक देश पर शासन किया है।

क्या कांग्रेस को वापस लाया जा सकता है? यह सवाल मेरे सामने रखा गया। दूसरा सवाल था कि क्या यह पार्टी प्रासंगिक है। दूसरे सवाल का जवाब मैंने पहले दिया और कहा कि डेढ़ सौ साल पुराना संगठन, जिसमें आस्था रखने वाले सदस्य सुदूर गांवों में फैले हैं, अप्रासंगिक नहीं हो सकता। कांग्रेस ने आजादी के आंदोलन का नेतृत्व किया और पांच दशक तक देश पर शासन किया है। मेरी पीढ़ी के लोगों के लिए जवाहर लाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे कांग्रेस के शीर्ष नेता आदर्श हैं और उनके नेतृत्व में लोगों ने जो कुर्बानियां दीं उसे मैं भूल नहीं सकता। उनकी बात का महत्व था और उनकी अपील पर लोग कहीं भी, किसी समय इकट्ठा होते थे। उस समय कांग्रेस भारत थी और भारत कांग्रेस था।

लाल बहादुर शास्त्री, जिन्होंने जवाहरलाल नेहरू के बाद सत्ता संभाली, के निधन के बाद से परिस्थितियां बदलने लगीं। मुझे शास्त्री के साथ प्रेस आफिसर के रूप में काम करने का सौभाग्य मिला था। उन्हें उत्तराधिकार को लेकर नेहरू की सोच को लेकर संदेह था और वह अक्सर कहा करते थे कि उनके दिमाग में तो उनकी पुत्री है। लेकिन शास्त्री यह भी जोड़ देते थे कि यह आसान नहीं होगा। यह सही निकला क्योंकि नेहरू के निधन के बाद मोरारजी देसाई ने सबसे पहले दावेदारी ठोंकी। कांग्रेस अध्यक्ष के. कामराज मोरारजी देसाई को नहीं चाहते थे क्योंकि उन्हें अड़ियल माना जाता था और उस देश के लिए अनुदार व्यक्ति चाहिए जहां विभिन्न धर्म, जाति और क्षेत्र के लोगों के साथ सहमति बना कर चलना जरूरी है।

नेहरू के उत्तराधिकारी शास्त्री बने, लेकिन कम समय में ही दिल का दौरा पड़ने के कारण ताशकंद में उनका निधन हो गया जहां वह पाकिस्तान के मार्शल−ला प्रशासक जनरल अयूब खान से शांति के समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए गए थे। मेरा ख्याल है कि अगर वह जिन्दा रहते तो भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते सामान्य हो गए होते। मुझे याद है कि शास्त्री के अचानक निधन की जानकारी होने पर अयूब उस डाचा (शहर से दूर बने आवास) पर आए थे जिसमें रूसी लोगों ने भारत के प्रधानमंत्री को ठहराया था।

मेरे सामने जनरल अयूब ने कहा था कि ''अगर वह (शास्त्री) जिंदा रहते तो भारत और पकिस्तान लंबे समय के लिए दोस्त बन जाते''। अयूब ने शास्त्री की शव−पेटी को उस हवाई जहाज तक कंधा दिया था जिसमें वह दिल्ली लाई गई। मुझे लगता है कि अयूब ने पाकिस्तान की भावना को ही व्यक्त किया था क्योंकि बाद में जब उस देश की मैंने यात्रा की तो लोगों को शास्त्री की दोस्ती याद करते पाया।

खेल बिगाड़ने वाले पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो थे। वह ऐसी संधि पर हस्ताक्षर नहीं करना चाहते थे जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच के मुद्दों का हल निकालने के लिए हिंसा छोड़ने की बात हो। वह ताशकंद से सीधे इस्लामाबाद के लिए उड़े और यह प्रचार कर दिया कि अयूब ने देश को भारत के हाथों बेच दिया। अयूब जिस बात पर राजी हुए थे वह यही था कि भारत और पाकिस्तान के मतभेद शांति से हल किए जायंगे।

अयूब शांति का जो मसविदा अपने साथ लाए थे उस पर शास्त्री ने उन्हीं के हाथों से लिखवाया, ''हथियार का सहारा लिए बिना''। हाथों से लिखे गए ये शब्द भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार में रखे हुए हैं। हालांकि पाकिस्तान में बहुत सारे लोग इस पर संदेह करते हैं, लेकिन वास्तविकता यही है कि अयूब ने शांति की संधि पर इसलिए हस्ताक्षर किए थे क्योंकि सेना−प्रमुख के नाते उन्हें मालूम था कि युद्ध किस तरह की तबाही करता है।

इस सवाल का जवाब कठिन है कि क्या पार्टी को वापस लाया जा सकता है। कांग्रेस के पास समर्थकों के दो बड़े समुदाय थे− दलित और मुसलमान। मायावती ने उन लोगों को अलग कर लिया जिसे खुद हिंदू धर्म ने अछूत का दर्जा दे रखा था। वास्तव में, दुनिया में कोई भी धर्म ऐसा नहीं है जो अपने ही लोगों के साथ परंपरा का हिस्सा बना कर ऐसा भेदभाव करता है।

वास्तव में अगर हिंदू विश्लेषण करेंगे तो पाएंगे कि मुसलमान हिंदू धर्म से ही धर्मांतरित हुए हैं क्योंकि इसने लोगों के साथ बराबरी का बर्ताव नहीं किया, जबकि इस्लाम ने ऐसा किया। आज जब आरएसएस घर वापसी का बैनर उठाता है तो उसे यह समझना चाहिए कि ऐसा तब तक नहीं हो सकता जब तक भारत के ग्रामीण क्षत्रों में फैली हुई अश्पृश्यता को हिंदू त्याग न दें। अलग−अलग जातियों के लोग भले ही बिस्तर पर साथ बैठने लगे हों, लेकिन अभी भी उनके कुएं और श्मशान भूमि अलग−अलग हैं।

पाकिस्तान की स्थापना के बाद मुसलमानों ने एक ऐसी पार्टी को अपनाना चाहा जो सेकुलर हो। हालांकि, कांग्रेस विचारधारा में वैसी मजबूत नहीं थी जितनी वह नेहरू और पटेल के समय में थी। फिर भी, मुसलमानों के पास दूसरा कोई विकल्प नहीं था क्योंकि कांग्रेस के बाद उनके लिए एक ही विकल्प बचता था−कम्युनिस्ट पार्टी। यह उनकी योजना में फिट नहीं बैठती थी क्योंकि वह एकदम निरकुंश और कठोरता से नियम पालन करने वाली थी।

एक ऐसे मजहब में जिसे एक पवित्र ग्रंथ के अनुसार चलना हो छुट की बहुत कम गुंजाईश है। इस्लाम ने धर्म बदलने वालों को आकर्षित किया क्योंकि इसने लोगों को बराबरी का अनुभव कराया। हदीस (कहे हुए शब्द) की व्यक्तिगत व्याख्या की गुंजाईश है। लेकिन भक्तों का मानना है कि करीब 1400 साल पुरानी इस किताब से अलग नहीं हटा नहीं जा सकता है क्योंकि ये अल्लाह के शब्द हैं। इसके बावजूद इतने सालों मे इस्लाम में बदलाव आया है। अगर यह अपने कट्टरपन से अलग हो सकता है तो हिंदू धर्म को आधुनिक चुनौतियों के सामने अपने को आमूल−चूल रूप से बदलने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। लेकिन दलितों के साथ भेदभाव इतना गहरा है कि मैं इस दिशा में कोई ऊंची छलांग लगाने की उम्मीद नहीं रखता। यह हिंदुओं के सामने एक चुनौती है।

इस बारे में अभी तक के अनुभव प्रसन्नता के नहीं हैं। चुनाव के समय कुछ अपील किए जाते हैं और यहां तक कांग्रेस के शीर्ष हिंदू नेता दलितों के घर खाना भी खाते हैं। लेकिन चुनाव खत्म होते ही यह सब अलग फेंक दिया जाता है और लोग भेदभाव के अपने पुराने खूंटे पर लौट आते हैं।

अगर कांग्रेस अपना खोया प्रभाव वापस लाना चाहती है तो इसे अपना घर साफ करना पड़ेगा। सेकुलरिज्म सिर्फ एक शब्द रह गया है और कांग्रेस के कई नेता उतने ही कट्टर हैं जितने भाजपा के उन्मादी। सेकुलरिज्म एक प्रतिबद्धता है, एक मन का स्वभाव। हमने सेकुलरिज्म को अपने संविधान की प्रस्तावना में शामिल किया है, लेकिन हम इस पर अमल करने से बहुत दूर हैं। और कभी कभी, मैं महसूस करता हूं कि भारत पाकिस्तान के रास्ते पर चलने की कोशिश कर रहा है जहां लोग अपने को पक्का मुसलमान साबित करने के लिए धर्म की पहचान लगाए घूमते रहते हैं।

- कुलदीप नैय्यर

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़