Australia में Cricket फैन को 'Free Imran Khan' टीशर्ट पहनना पड़ा भारी, मचा जमकर ड्रामा

शेफील्ड शील्ड फाइनल में 'फ्री इमरान खान' टीशर्ट पहने एक प्रशंसक को पहले राजनीतिक बयान के कारण रोका गया, लेकिन बाद में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसे मानवीय मुद्दा मानते हुए अपना रुख बदल दिया। यह घटनाक्रम पूर्व क्रिकेटरों द्वारा इमरान खान के लिए मानवीय व्यवहार की अपील के बाद हुआ है।
‘फ्री इमरान खान’ लिखी टीशर्ट पहनने के कारण यहां एक क्रिकेट प्रशंसक को शेफील्ड शील्ड फाइनल देखने के लिए स्टेडियम में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। बाद में हालांकि अधिकारियों ने इसे राजनीतिक बयान के बजाय मानवीय मुद्दा मानते हुए अपना रुख बदल लिया। ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ के अनुसार सुरक्षा कर्मचारियों ने विक्टोरिया और साउथ ऑस्ट्रेलिया के बीच शेफील्ड शील्ड फाइनल के पहले दिन जंक्शन ओवल में प्रवेश करने से पहले ल्यूक ब्राउन नाम के प्रशंसक से अपनी टीशर्ट ढकने को कहा।
सुरक्षा कर्मचारियों ने पहले तो इस संदेश को एक राजनीतिक बयान माना जो जेल में बंद पाकिस्तानी क्रिकेट दिग्गज के बारे में लिखा हुआ था। लेकिन स्थिति की समीक्षा करने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा कि अब इस मामले को मानवीय नजरिए से देखा जा रहा है। ब्राउन ने ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ से कहा, ‘‘जब मुझे रोका गया तो मुझे काफी हैरानी हुई। ’’ इस प्रशंसक ने कहा, ‘‘मैं उनकी बात समझता हूं कि उन्हें कई परिस्थितियों से भी निपटना होता है। इसलिए अगर वे एक आम नियम लागू करते हैं तो उनके लिए चीजें आसान हो जाती हैं। ’’
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के एक प्रवक्ता ने इसी अखबार से कहा, ‘‘क्रिकेट समुदाय में इमरान खान की भलाई को लेकर चिंता को देखते हुए हमारा मानना है कि यह एक मानवीय मुद्दा है और हम उसी के अनुसार कार्रवाई करेंगे। ’’ यह घटना 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों द्वारा एक याचिका पर हस्ताक्षर करने के कुछ दिनों बाद हुई है जिनमें सुनील गावस्कर, कपिल देव और ग्रेग चैपल जैसे दिग्गज शामिल हैं। इस याचिका में पाकिस्तानी सरकार से जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री को उचित चिकित्सा देखभाल और मानवीय व्यवहार प्रदान करने का आग्रह किया गया था। इमरान खान 2023 से जेल में हैं।
अन्य न्यूज़















