PSL 2024 के बीच खिलाड़ियों की 'भगदड़', PCB चीफ Mohsin Naqvi ने दी सख्त एक्शन की चेतावनी

Mohsin Naqvi
प्रतिरूप फोटो
ANI Digital
Ankit Jaiswal । Mar 23 2026 7:56PM

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने PSL को बीच में छोड़कर दूसरी लीग में जाने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है, जिससे लीगों के बीच का टकराव सतह पर आ गया है। दासुन शनाका और ब्लेसिंग मुजरबानी के मामलों के बाद पीसीबी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि ऐसे खिलाड़ियों पर पिछले साल की तरह ही प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

क्रिकेट की दुनिया में इस समय दो बड़ी लीग के टकराव को लेकर हलचल तेज हो गई है, जहां खिलाड़ियों के अचानक टीम बदलने से विवाद गहराता नजर आ रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अब इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं।

बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने साफ कहा है कि जो खिलाड़ी आखिरी समय पर पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर दूसरी लीग में शामिल होंगे, उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। मौजूद जानकारी के अनुसार यह विवाद तब और बढ़ गया जब श्रीलंका के खिलाड़ी दासुन शनाका ने लाहौर कलंदर्स की टीम से हटकर राजस्थान की टीम का रुख कर लिया।

गौरतलब है कि शनाका को एक घायल खिलाड़ी के स्थान पर शामिल किया गया है। इससे पहले भी जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड से अलग होकर कोलकाता की टीम से जुड़ने का फैसला लिया था। ऐसे लगातार मामलों ने पाकिस्तान लीग प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।

मोहसिन नकवी ने कहा कि पिछले साल भी ऐसा मामला सामने आया था, जिसमें एक खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगाया गया था। उनका कहना है कि इस बार भी उसी तरह की कार्रवाई दोहराई जा सकती है। उन्होंने यह भी साफ किया कि दोनों लीग का एक साथ होना बड़ी समस्या नहीं है, क्योंकि जहां कुछ खिलाड़ी जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई अच्छे खिलाड़ी पाकिस्तान लीग में भी आ रहे हैं।

मौजूद जानकारी के अनुसार पाकिस्तान सुपर लीग का कार्यक्रम पहले से तय था और पूरे साल में इसके लिए कोई दूसरा समय उपलब्ध नहीं था, इसलिए इसे टालना संभव नहीं था। यही वजह है कि इस बार भी यह लीग दूसरी बड़ी लीग के साथ ही आयोजित हो रही है।

इसके अलावा कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी लीग से नाम वापस लिया है, हालांकि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़