फर्टिलिटी के लिए क्यों जरूरी है जिंक? महिलाओं और पुरुषों दोनों को जाननी चाहिए ये बात

zinc and pregnancy
Image Credit- AI generated image (Chatgpt)
मिताली जैन । Aug 27 2026 4:57PM

जिंक शरीर में बहुत कम मात्रा में चाहिए होता है, लेकिन इसका काम काफी बड़ा है। यह शरीर में कई एंजाइम और प्रोटीन के काम में शामिल होता है और डीएनए बनाने से लेकर कोशिकाओं की वृद्धि और सामान्य विकास तक में भूमिका निभाता है। यहां तक कि प्रजनन स्वास्थ्य में भी जिंक का महत्व देखा गया है।

किसी भी कपल के लिए पैरेंट बनना उनके जीवन का एक नया अध्याय शुरू होने जैसा है। लेकिन बहुत से कपल्स चाहकर भी पैरेंट नहीं बन पाते हैं। जब बात फर्टिलिटी यानी प्रजनन क्षमता की आती है, तो आमतौर पर फोलिक एसिड, आयरन, विटामिन डी और ओमेगा-3 जैसे पोषक तत्वों की चर्चा ज्यादा होती है। लेकिन एक छोटा सा मिनरल ऐसा भी है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए जिंक।

जिंक शरीर में बहुत कम मात्रा में चाहिए होता है, लेकिन इसका काम काफी बड़ा है। यह शरीर में कई एंजाइम और प्रोटीन के काम में शामिल होता है और डीएनए बनाने से लेकर कोशिकाओं की वृद्धि और सामान्य विकास तक में भूमिका निभाता है। यहां तक कि प्रजनन स्वास्थ्य में भी जिंक का महत्व देखा गया है। तो चलिए जानते हैं कि आखिर जिंक और फर्टिलिटी के बीच क्या संबंध है- 

इसे भी पढ़ें: Swine Flu का बढ़ा कहर: Delhi-NCR में H1N1 Virus के बढ़ते केस, जानें क्या हैं लक्षण और बचाव के उपाय

जिंक फर्टिलिटी के लिए इतना जरूरी क्यों है?

अधिकतर लोगों को यह पता ही नहीं होता है कि जिंक फर्टिलिटी के लिए इतना जरूरी क्यों है? दरअसल, हमारे शरीर में प्रजनन से जुड़ी कई प्रक्रियाओं में जिंक की भूमिका होती है। महिलाओं में यह अंडाणु के विकास और परिपक्वता से जुड़ी प्रक्रियाओं में शामिल होता है। इतना ही नहीं, शोध में यह भी पाया गया है कि अंडाणु के सामान्य विकास और निषेचन की प्रक्रिया के लिए पर्याप्त जिंक जरूरी है।

वहीं, पुरुषों के मामले में जिंक शुक्राणुओं के बनने और उनकी गुणवत्ता से जुड़ी प्रक्रियाओं में भूमिका निभाता है। जिंक की कमी को खराब शुक्राणु गुणवत्ता और शुक्राणु निर्माण में गड़बड़ी से जोड़ा गया है।

महिलाओं के लिए जिंक कैसे महत्वपूर्ण हो सकता है?

महिलाओं में अंडाणु के विकास और परिपक्व होने की प्रक्रिया में जिंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शोध से पता चलता है कि पर्याप्त जिंक उपलब्ध न होने पर अंडाणु की परिपक्वता प्रभावित हो सकती है। निषेचन के बाद शुरुआती भ्रूण के विकास में भी जिंक की भूमिका होती है। इसलिए अगर कोई महिला गर्भधारण की योजना बना रही है, तो केवल कैलोरी या वजन पर ध्यान देने के बजाय पूरा पोषण लेना भी जरूरी है।

पुरुषों के लिए जिंक कैसे महत्वपूर्ण हो सकता है?

पुरुषों में जिंक का संबंध शुक्राणुओं से है। शुक्राणु बनने की प्रक्रिया को शुक्राणुजनन कहा जाता है और इसमें जिंक की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। कुछ अध्ययनों में कम जिंक स्तर को शुक्राणुओं की संख्या, उनकी गति और आकार जैसे मानकों में गड़बड़ी से जोड़ा गया है। जिंक शरीर की ऑक्सीडेटिव तनाव से निपटने वाली प्रक्रियाओं में भी भूमिका निभाता है। ज्यादा ऑक्सीडेटिव तनाव शुक्राणुओं को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए पर्याप्त पोषण पुरुष प्रजनन स्वास्थ्य का एक हिस्सा है।   

शाकाहारी लोग जिंक कहां से लें?

अगर आप शाकाहारी हैं तो भी जिंक की जरूरत पूरी करने के लिए सिर्फ गोलियों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। आप अपने खाने में कुछ चीजों जैसे कद्दू के बीज, तिल, मूंगफली, काजू, चना, राजमा, मसूर दाल, मूंग दाल व सोयाबीन आदि को शामिल कर सकते हैं। हालंाकि, यह ध्यान रखें कि दालों और साबुत अनाज में मौजूद फाइटेट जिंक के अवशोषण को कम कर सकते हैं। इसलिए दालों और अनाज को भिगोना, अंकुरित करना और अच्छी तरह पकाना बहुत जरूरी है।  

रोज कितना जिंक चाहिए?

वयस्क पुरुषों के लिए जिंक की सामान्य अनुशंसित मात्रा लगभग 11 मिलीग्राम प्रतिदिन और वयस्क महिलाओं के लिए 8 मिलीग्राम प्रतिदिन है। गर्भावस्था और स्तनपान के दौरान जरूरत बढ़ जाती है। हालांकि, जिंक सप्लीमेंट लेने से पहले एक बार डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।

- मिताली जैन

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
All the updates here:

अन्य न्यूज़