अमेरिका में वीजा जालसाजी मामले में 21 लोग गिरफ्तार

अमेरिका में वीजा जालसाजी को लेकर किए गए एक स्टिंग आपरेशन में दस भारतीय अमेरिकियों समेत 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वाशिंगटन। अमेरिका में वीजा जालसाजी को लेकर किए गए एक स्टिंग आपरेशन में दस भारतीय अमेरिकियों समेत 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस स्टिंग आपरेशन के तहत वीजा घोटाले का पर्दाफाश करने के लिए अमेरिकी प्रशासन ने एक फर्जी विश्वविद्यालय गठित किया जिसने एक हजार से अधिक विदेशियों को छात्र और कार्य वीजा की अनुमति दी गयी। राष्ट्रव्यापी अभियान में संघीय प्रशासन ने न्यूयार्क, न्यूजर्सी, वाशिंगटन और वर्जीनिया से 21 लोगों को गिरफ्तार किया।

न्यूजर्सी के अमेरिकी अटार्नी पाल जे फिशमैन ने संवाददाताओं को बताया, ''इन आरोपियों ने लोगों को फर्जी विवि में दाखिला दिलवा कर उनके लिए वीजा हासिल किया। उनकी बदकिस्मती यह रही कि इस फर्जी विवि को होमलैंड सुरक्षा विभाग के छुपे हुए एजेंटों द्वारा ही चलाया जा रहा था।’’ गिरफ्तार किए गए लोग दलाल, भर्ती करने वाले और कर्मचारी थे जो गैरकानूनी और फर्जी तरीके से छात्रों के लिए वीजा का जुगाड़ करते थे जिन्होंने 26 देशों के एक हजार विदेशी नागरिकों के लिए छात्र वीजा और विदेशी कामगार वीजा हासिल किया। ऐसा पाया गया कि बड़ी संख्या में जिन छात्रों को जरूरी वीजा और अमेरिका में काम करने की अनुमति दी गयी उनमें से अधिकतर भारत से थे जिन्होंने इसके लिए भारी मात्रा में धन भी दिया था। हालांकि अधिकारियों ने इस सालभर चले स्टिंग आपरेशन में फंसे भारतीय छात्रों की संख्या नहीं बतायी जिसे आव्रजन और कानून प्रशासन ने अंजाम दिया था। अमेरिकी सरकार ने गिरफ्तार किए गए लोगों की नागरिकता का खुलासा नहीं किया है लेकिन प्रशासन द्वारा जारी किए गए नामों से संकेत मिलता है कि इनमें से दस भारतीय या भारतीय मूल के हैं। इन नामों में ताजेश कोडाली, ज्योति पटेल, शाहजादी एम परवीन, नरेन्द्र सिंह पलाहा, संजीव सुखीजा, हरप्रीत सचदेव, अविनाश शंकर, कार्तिक निम्माला, गोवर्धन दयावरशेट्टी और सैयद कासिम अब्बास शामिल हैं।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


Tags

    अन्य न्यूज़