मुम्बई हमले के साजिशकर्ता हाफिज सईद के खिलाफ 7 और गवाहों ने दी गवाही

7-more-witnesses-testified-against-mumbai-attack-conspirator-hafiz-saeed
[email protected] । Jan 4 2020 11:40AM

पाकिस्तान की एक आतंकवादी निरोधक अदालत में सात और गवाहों ने मुम्बई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद और उसके करीबी जफर इकबाल के बारे में गवाही दी है। बृहस्पतिवार को पांच गवाहों ने सईद और उसके करीबी इकबाल के खिलाफ गवाही दी थी। अदालत के एक अधिकारी ने बताया कि सईद के वकीलों ने गवाहों से जिरह की।

लाहौर। पाकिस्तान की एक आतंकवादी निरोधक अदालत में सात और गवाहों ने मुम्बई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के खिलाफ आतंकवाद के वित्तपोषण में उसकी संलिप्तता के बारे में शुक्रवार को गवाही दी। लाहौर की आतंकवाद निरोधक अदालत ने सईद और उसके करीबियों हाफिज अब्दुल सलाम, मुहम्मद अशरफ और जफर इकबाल को 11 दिसंबर को आतंकवाद के वित्त पोषण के आरोपों में अभ्यारोपित किया था।

इसे भी पढ़ें: 26/11 हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की बढ़ी मुश्किलें, 5 गवाहों ने उसके खिलाफ दी गवाही

बृहस्पतिवार को पांच गवाहों ने सईद और उसके करीबी इकबाल के खिलाफ गवाही दी थी। अदालत के एक अधिकारी ने सुनवाई के बाद कहा कि सात और गवाहों ने चार घंटे तक चली सुनवाई के दौरान सईद और इकबाल की आतंकवाद के वित्तपोषण में संलिप्तता को लेकर उनके खिलाफ गवाही दी। उन्होंने बताया कि सईद के वकीलों ने गवाहों से जिरह की।

इसे भी पढ़ें: हाफिज सईद पर आरोप तय होने पर अमेरिका ने पाक से सुनावाई तेज करने को कहा

आतंकवाद निरोधक अदालत के न्यायाधीश अरशद हुसैन भुट्टा ने यह सुनवाई शनिवार तक के लिए स्थगित कर दी। पंजाब पुलिस के आतंकवाद निरोधक विभाग ने जमात उद दवा के प्रमुख और इकबाल को उच्च सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया। जमात उद दावा, लश्कर ए तैयबा से जुड़ा संगठन है जिसने 2008 में मुम्बई में हमला किया था। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गयी थी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़