Balochistan के मंत्री Mir Ziaullah Langau हमले में बचे, मस्तुंग में 6 लोग घायल

Balochistan के मंत्री Mir Ziaullah Langau हमले में बचे, मस्तुंग में 6 लोग घायल
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में क्वेटा से कलात जा रहे प्रांतीय गृह मंत्री मीर जियाउल्लाह लांगोव का काफिला मस्तुंग जिले में सशस्त्र हमले की चपेट में आ गया। इस गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मियों समेत कुल छह लोग घायल हुए हैं, जबकि मंत्री सुरक्षित क्वेटा लौट आए हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने खड कोचा क्षेत्र की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के एक मंत्री शुक्रवार को अपने काफिले पर हुए सशस्त्र हमले में बाल-बाल बच गए। इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों समेत छह लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के अनुसार, प्रांतीय गृह मंत्री मीर जियाउल्लाह लांगोव के काफिले पर यह हमला मस्तुंग जिले के खड कोचा इलाके में हुआ जब वह क्वेटा से कलात जा रहे थे। रिंद ने कहा, ‘‘हमले में छह लोग घायल हुए हैं, लेकिन मंत्री सुरक्षित हैं और काफिला क्वेटा लौट आया है।’’ मस्तुंग का खड कोचा इलाका सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बन गया है। पिछले महीने से अब तक यह चौथी घटना है, जब इसी राजमार्ग पर यात्रियों को आतंकवादियों ने निशाना बनाया है।

इन घटनाओं के बाद सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ इलाके में बड़ा अभियान चलाया था, इसके बावजूद फिर से हमला हुआ है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में छह लोगों को गोली लगी जिनमें तीन पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर है।

घायलों को क्वेटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़