Donald Trump प्रशासन ने US में Brazil की राजदूत मारिया लुइजा का वीजा रद्द किया

Prabhasakshi Image

वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ब्राजील द्वारा अपने दो राजनयिकों को वीजा न देने और अमेरिकी दूत की नियुक्ति अटकाने के जवाब में यह पारस्परिक कार्रवाई की है। ब्राजील सरकार ने इस कदम को राजनीति से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करना है। अमेरिका ने संकेत दिया है कि यदि ब्राजील उसके नामित उम्मीदवार डैनी पेरेज को मंजूरी देता है तो यह फैसला बदला जा सकता है।

वाशिंगटन, पांच अगस्त (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील द्वारा पिछले महीने दो अमेरिकी राजनयिकों को वीजा देने से इनकार किए जाने और ब्रासीलिया में अमेरिकी राजदूत पद के लिए ट्रंप के नामित उम्मीदवार को मंजूरी देने में देरी के जवाब में, अमेरिका में ब्राजील की राजदूत मारिया लुइजा रिबेरो वियोटी का वीजा रद्द कर दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इसे पारस्परिक कार्रवाई बताया। अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला कई बार टाला गया ताकि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को अपना रुख बदलने का अवसर मिल सके, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

हालांकि, अमेरिका ने संकेत दिया कि यदि ब्राजील ट्रंप द्वारा राजदूत पद के लिए नामित डैनी पेरेज को मंजूरी दे देता है तो यह फैसला वापस लिया जा सकता है। ब्राजील सरकार ने अमेरिकी कदम को राजनीति से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करना है। उसने यह भी कहा कि अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय संधि के प्रावधानों का पालन किए बिना राजदूत की नियुक्ति की घोषणा की।

पिछले महीने ब्राजील ने दो अमेरिकी राजनयिकों को वीजा देने से इनकार कर दिया था। ब्राजील का आरोप था कि वे देश की चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठाने और चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के इरादे से आ रहे थे। पिछले सप्ताह ब्राजील के एक वरिष्ठ राजनयिक ने नाम न उजागर करने की शर्त पर पत्रकारों से कहा था कि उनकी सरकार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की ओर से जवाब का इंतजार है।

इसी राजनयिक ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की सरकार यह समझने की कोशिश कर रही है कि अमेरिकी सरकार अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से कुछ ही महीने पहले ब्रासीलिया में राजदूत की नियुक्ति को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों दिखा रही है। ब्राजील की राजधानी में अमेरिकी राजदूत का पद जनवरी 2025 में ट्रंप के दोबारा व्हाइट हाउस लौटने के बाद से खाली है। ब्राजील के राष्ट्रपति के रूप में चौथा कार्यकाल हासिल करने की कोशिश कर रहे 80 वर्षीय लूला का मुकाबला सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो से होगा।

फ्लावियो के पिता जायर बोल्सोनारो ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति रह चुके हैं और उनके परिवार के ट्रंप प्रशासन से करीबी संबंध माने जाते हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़