Lucknow में चोरी के आरोप और मानसिक प्रताड़ना से युवक की आत्महत्या, दो महिलाएं अरेस्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक युवक को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को दो महिलाओं को पकड़ा है। मृतक के भाई ने थाने में शिकायत दी थी कि दोनों महिलाएं चोरी का इल्जाम लगाकर उसे लगातार धमका रही थीं। इस तनाव के चलते युवक ने आठ नवंबर को ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी थी।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि सोमवार को शिकायतकर्ता छेदीलाल ने ठाकुरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के अनुसार सात नवंबर को सपना रावत और नेहा नाम की दो महिलाओं ने उनके भाई देशराज उर्फ मनीष पर पैसे और गहने चुराने का आरोप लगाया। वे देशराज को लगातार धमकी दे रही थीं और उनसे ये चीजें वापस मांग रही थीं। शिकायत के अनुसार दोनों महिलाओं ने देशराज को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया, जिससे वह तनाव में आ गए और तंग आकर उन्होंने आठ नवंबर की रात ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

शिकायत के आधार पर, ठाकुरगंज थाने में सपना और नेहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को सपना रावत (35) और नेहा परवीन (25) को गिरफ्तार कर लिया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़