गोपनीय कारोबारी डेटा चोरी और बैंक धोखाधड़ी में Huawei दोषी, US Court का फैसला

अमेरिका की संघीय अदालत ने चीनी टेक कंपनी हुआवेई को व्यापारिक रहस्य चुराने की साजिश और बैंक धोखाधड़ी के 10 मामलों में दोषी ठहराया है। हालांकि अदालत ने कंपनी को संगठित अपराध के सबसे गंभीर आरोप से राहत दे दी है। इस मामले में सजा अगले साल सितंबर में तय होगी जिसमें कंपनी पर भारी जुर्माना लग सकता है।
अमेरिका की एक अदालत ने प्रौद्योगिकी क्षेत्र में चीन की दिग्गज कंपनी ‘हुआवेई टेक्नोलॉजीज’ को व्यापार संबंधी गोपनीय सूचनाएं चुराने की साजिश रचने और बैंकों के साथ धोखाधड़ी करने का मंगलवार को दोषी ठहराया। हालांकि, अमेरिकी अदालत ने हुआवेई को संगठित आपराधिक गतिविधियों की साजिश में शामिल होने के सबसे गंभीर आरोप से बरी कर दिया। कंपनी के वकील ने कहा कि यह फैसला सरकार के उस दावे को ‘‘पूरी तरह खारिज करता’’ है कि कंपनी में शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक भ्रष्टाचार व्याप्त है और उसकी कार्य संस्कृति में धोखाधड़ी, चोरी एवं झूठ बोलना शामिल था।
अभियोजकों ने इस आरोप के आधार पर हुआवेई पर अपने प्रतिस्पर्धियों और साझेदारों की बौद्धिक संपदा तथा प्रौद्योगिकी संबंधी गोपनीय सूचनाएं हासिल करने के लिए गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाया था। इस तरह के आरोप आम तौर पर संगठित अपराध और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में लगाए जाते हैं। कंपनी को जिन आरोपों में दोषी ठहराया गया है, उनमें ईरान और उत्तर कोरिया समेत उन देशों में कारोबार करना शामिल है जिन पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए हैं।
आरोप है कि कंपनी ने अपने गलत कार्यों को छिपाने के प्रयास में अमेरिकी सरकारी अधिकारियों और बैंकों को गलत जानकारी भी दी थी। हुआवेई को कुल 12 में से 10 आरोपों में दोषी ठहराया गया। ब्रुकलिन की संघीय अदालत में चले इस मामले में किसी व्यक्ति को आरोपी नहीं बनाया गया था लेकिन अगले साल सितंबर में सजा सुनाए जाने के समय कंपनी पर अरबों डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है।
ब्रुकलिन के अमेरिकी अटॉर्नी जोसेफ नोसेला जूनियर ने एक बयान में कहा, ‘‘हुआवेई दशकों से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालती रही है, अमेरिकी व्यापार की शुचिता का उल्लंघन करती रही है और अमेरिकी कानूनों के क्रियान्वयन में बाधा डालती रही है। ’’ अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कहा, ‘‘कोई भी व्यक्ति या कंपनी कानून से ऊपर नहीं है।’’ वहीं, हुआवेई के वकीलों ने कहा कि अमेरिकी जांचकर्ताओं ने कंपनी के दो लाख से अधिक कर्मचारियों में से कुछ के गलत कार्यों की इक्का-दुक्का घटनाओं के आधार पर एक बड़ी साजिश की झूठी कहानी गढ़ी जबकि ऐसी कोई साजिश थी ही नहीं। हुआवेई के वकील ब्रायन हेबरलिग ने कहा कि कंपनी उसे दोषी ठहराए जाने के फैसले के खिलाफ अपील करेगी लेकिन संगठित आपराधिक गतिविधियों की साजिश रचने और न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने की साजिश रचने के आरोपों से बरी किए जाने से कंपनी को राहत मिली है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘हुआवेई ने हमेशा कारोबार में ईमानदारी बरती है, व्यावसायिक नैतिकता का पालन किया है, बौद्धिक संपदा का सम्मान किया है और सभी लागू कानूनों एवं नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध रही है।’’ बयान में कहा गया, ‘‘हम अपने ग्राहकों और साझेदारों को सेवाएं देने तथा कारोबार का निरंतर एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं।’’ चीनी अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका ‘‘आर्थिक दबंगई’’ कर रहा है और चीनी कंपनियों के दमन के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को अनुचित तरीके से बहाना बना रहा है।
अन्य न्यूज़














